मुख्य खबरेंहमारा भारत
Trending

PM Modi News: प्रधानमंत्री आज 5 बजे राष्ट्र को करेंगे संबोधित, कल नवरात्रि से पनीर-रोटी-इंश्योरेंस समेत ये 10 चीजें होंगी टैक्स फ्री

पीएम मोदी का आज शाम 5 बजे राष्ट्र के नाम संबोधन, GST 2.0 और आम आदमी को मिलने वाली राहत पर हो सकता है फोकस।

PM Modi News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज, 21 सितंबर 2025 (रविवार) को शाम 5 बजे राष्ट्र को संबोधित करेंगे। यह घोषणा प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) द्वारा की गई है और इसके समय को लेकर कई महत्वपूर्ण कयास लगाए जा रहे हैं। यह संबोधन ठीक उस शाम हो रहा है, जिसके अगले ही दिन (सोमवार, 22 सितंबर) से देश में ‘जीएसटी 2.0’ सुधार लागू होने जा रहे हैं और शारदीय नवरात्रि का पहला दिन भी है। माना जा रहा है कि प्रधानमंत्री मोदी देश को इन बड़े सुधारों के बारे में जानकारी देंगे और त्योहारों से पहले आम आदमी को मिलने वाली राहत का ब्योरा दे सकते हैं।

कल से लागू होगा GST 2.0, ये है नया सिस्टम

3 सितंबर को हुई 56वीं जीएसटी काउंसिल की बैठक में देश के टैक्स सिस्टम में ऐतिहासिक बदलावों को मंजूरी दी गई थी, जो 22 सितंबर से लागू हो रहे हैं। इन सुधारों के तहत, 12% और 28% के टैक्स स्लैब को खत्म कर दिया गया है। अब देश में मुख्य रूप से सिर्फ दो ही टैक्स स्लैब होंगे- 5% और 18%। इसके अलावा, लग्जरी सामानों और सिन गुड्स (जैसे तंबाकू, पान मसाला) के लिए 40% का एक नया स्लैब बनाया गया है। इस बदलाव से आम आदमी के इस्तेमाल की 90% से ज्यादा चीजें सस्ती हो जाएंगी।

22 सितंबर से 0% GST (टैक्स फ्री) होने वाले सामान

इस नए सुधार का सबसे बड़ा फायदा आम आदमी की रसोई और स्वास्थ्य को मिलने वाला है। प्रधानमंत्री मोदी अपने संबोधन में इन चीजों पर बात कर सकते हैं:-

1. दूध, पनीर और छेना (प्री-पैकेज्ड और लेबल्ड)

2. रोटी, चपाती, पराठा और कुलचा

3. पिज्जा ब्रेड और खाखरा

4. व्यक्तिगत हेल्थ इंश्योरेंस पॉलिसी (प्रीमियम सस्ता होगा)

5. व्यक्तिगत लाइफ इंश्योरेंस पॉलिसी

6. 33 तरह की जीवन रक्षक दवाएं (कैंसर समेत)

7. मेडिकल ग्रेड ऑक्सीजन

8. बच्चों की कॉपी, नोटबुक, पेंसिल, इरेजर, शार्पनर

9. क्रेयॉन और पेस्टल कलर्स

10. नक्शे, एटलस और ग्लोब

5% के दायरे में आएंगी ये जरूरी चीजें

नए बदलावों के तहत, 12% और 18% स्लैब की कई चीजों को 5% के स्लैब में लाया गया है। इससे शैंपू, साबुन, टूथपेस्ट, हेयर ऑयल, मक्खन, घी, चीज़, कॉफी, बिस्कुट, नमकीन, पास्ता और कॉर्नफ्लेक्स जैसे रोजमर्रा के सामान सस्ते हो जाएंगे। इसके अलावा, 2500 रुपये तक के कपड़े और जूते भी 12% से 5% के स्लैब में आ जाएंगे।

टीवी, एसी, सीमेंट और छोटी कारें भी होंगी सस्ती

सबसे बड़ी राहत 28% के स्लैब को खत्म करने से मिली है। अब टीवी, फ्रिज, वॉशिंग मशीन, एयर कंडीशनर (AC) और सीमेंट जैसी चीजों पर 18% जीएसटी लगेगा, जिससे घर बनाना और घर सजाना सस्ता होगा। छोटी कारों (1200cc पेट्रोल तक) और 350cc तक की मोटरसाइकिल को भी 28% से 18% के स्लैब में लाया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button