
पटना: बिहार में सरकारी शिक्षक बनने का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर है। बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) ने TRE-4 यानी चौथे चरण की शिक्षक भर्ती के लिए संशोधित विज्ञापन जारी कर दिया है। इस भर्ती अभियान के तहत राज्य के सरकारी स्कूलों में 32,388 शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी। आयोग के मुताबिक ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 25 सितंबर से शुरू होगी और अभ्यर्थी 26 अक्टूबर तक फॉर्म भर सकेंगे।
इस बार एक ही परीक्षा होगी
TRE-4 को लेकर सबसे बड़ा बदलाव परीक्षा के पैटर्न में है। संशोधित विज्ञापन के अनुसार शिक्षक भर्ती के लिए एक ही परीक्षा आयोजित की जाएगी। वहीं परीक्षा में निगेटिव मार्किंग का नियम जारी रहेगा। हर सवाल के पांच विकल्प होंगे। अगर अभ्यर्थी किसी भी विकल्प को नहीं चुनता है, तो उसके अंक में एक-तिहाई अंक की कटौती होगी। इसी तरह गलत उत्तर देने पर भी एक-तिहाई अंक काटे जाएंगे।
25 सितंबर से शुरू होगा आवेदन
आयोग के अनुसार TRE-4 के लिए ऑनलाइन आवेदन 25 सितंबर से 26 अक्टूबर तक किए जा सकेंगे। आवेदन शुल्क जमा करने की प्रक्रिया भी 25 सितंबर से शुरू होगी। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि आवेदन करने से पहले BPSC की वेबसाइट पर उपलब्ध संशोधित विज्ञापन और सभी दिशा-निर्देश जरूर पढ़ लें।
चार स्तरों पर होगी शिक्षकों की भर्ती
इस भर्ती में प्राथमिक से लेकर उच्च माध्यमिक स्तर तक के शिक्षक पद शामिल हैं। उपलब्ध विज्ञापन विवरण के अनुसार पदों में कक्षा 1-5 के लिए 3,847, कक्षा 6-8 के लिए 8,563, कक्षा 9-10 के लिए 3,877 और कक्षा 11-12 के लिए 16,101 पद शामिल हैं।
इससे साफ है कि सबसे ज्यादा पद उच्च माध्यमिक स्तर के लिए हैं। हालांकि अभ्यर्थी जिस स्तर के पद के लिए आवेदन करेंगे, उसके लिए जरूरी शैक्षणिक और शिक्षक पात्रता परीक्षा की शर्तें पूरी करना जरूरी होगा।
STET-2026 वालों को भी मिलेगा मौका
TRE-4 की एक खास बात यह है कि STET-2026 में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को भी आवेदन का अवसर दिया गया है, बशर्ते वे बाकी जरूरी योग्यता पूरी करते हों। हालांकि STET में सफल नहीं होने पर ऐसे अभ्यर्थियों को परीक्षा में शामिल होने के लिए प्रवेश पत्र जारी नहीं किया जाएगा। सत्यापन के समय उनसे STET से जुड़े प्रमाणपत्र और अन्य दस्तावेज मांगे जा सकते हैं। प्राथमिक शिक्षक के लिए CTET पेपर-1 या BTET पेपर-1, मध्य विद्यालय के लिए CTET पेपर-2 या BTET पेपर-2 की पात्रता जरूरी है। वहीं माध्यमिक और उच्च माध्यमिक पदों के लिए संबंधित STET पेपर की शर्त लागू होगी।



