
पटना: बिहार में विधान परिषद की 8 सीटों के लिए चुनावी प्रक्रिया शुरू होने वाली है। चुनाव आयोग ने इन सीटों पर चुनाव का पूरा कार्यक्रम जारी कर दिया है। इनमें चार स्नातक और चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की सीटें शामिल हैं। चुनाव की तारीख सामने आने के बाद अब इन सीटों को लेकर राजनीतिक गतिविधियां भी तेज हो गई है। चुनाव आयोग के कार्यक्रम के मुताबिक 23 अक्टूबर 2026 को मतदान कराया जाएगा। वहीं, वोटों की गिनती 27 अक्टूबर को होगी। यानी मतदान के चार दिन बाद चुनाव के नतीजे सामने आ जाएंगे।
29 सितंबर से शुरू होगी चुनावी प्रक्रिया
आठ MLC सीटों के लिए नामांकन की प्रक्रिया 29 सितंबर से शुरू होगी। उम्मीदवारों को नामांकन दाखिल करने के लिए 6 अक्टूबर तक का समय मिलेगा। नामांकन पत्रों की जांच 7 अक्टूबर को की जाएगी। अगर किसी उम्मीदवार को चुनावी मैदान से हटना है तो वह 9 अक्टूबर तक अपना नाम वापस ले सकता है।
किन सीटों पर होगा चुनाव?
इस चुनाव में बिहार के चार स्नातक निर्वाचन क्षेत्र और चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं।
स्नातक निर्वाचन क्षेत्र:
- पटना
- दरभंगा
- तिरहुत
- कोसी
शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र:
- पटना
- दरभंगा
- तिरहुत
- सारण
इन सीटों पर चुनाव आम विधानसभा चुनाव से अलग तरीके से होता है। यहां सामान्य मतदाता नहीं, बल्कि संबंधित निर्वाचन क्षेत्र की मतदाता सूची में दर्ज स्नातक और शिक्षक वोट करते हैं।
नवंबर में खत्म हो रहा मौजूदा MLC का कार्यकाल
इन आठ सीटों पर वर्तमान विधान पार्षदों का कार्यकाल 16 नवंबर 2026 को समाप्त होने वाला है। इसलिए उससे पहले चुनाव की प्रक्रिया पूरी कर नए सदस्यों का निर्वाचन कराया जाएगा। चुनाव कार्यक्रम सामने आने के बाद अब राजनीतिक दलों के साथ-साथ संभावित उम्मीदवारों की सक्रियता भी बढ़ सकती है। टिकट को लेकर बैठकों और उम्मीदवारों के नाम पर चर्चा का दौर शुरू होने की उम्मीद है।
करीब 30 जिलों तक फैला है चुनाव
इन आठ निर्वाचन क्षेत्रों का दायरा बिहार के कई जिलों तक फैला हुआ है। खासकर कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में बड़ी संख्या में जिले आते हैं। ऐसे में उम्मीदवारों के सामने अलग-अलग इलाकों में मतदाताओं तक पहुंचने की चुनौती भी होगी।



