
पटना: बिहार में एक बार फिर मौसम करवट लेने वाला है। सितंबर के आखिरी सप्ताह में राज्य के कई जिलों में बारिश का दौर देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने 23 से 28 सितंबर तक अलग-अलग दिनों के लिए बारिश, गरज-चमक, तेज हवा और वज्रपात को लेकर अलर्ट जारी किया है। कुछ इलाकों में भारी बारिश होने की भी संभावना है।
23 सितंबर को करीब 25 जिलों में अलर्ट
23 सितंबर को बिहार के करीब 25 जिलों में मौसम खराब रह सकता है। इन जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवा चलने की संभावना जताई गई है। कुछ स्थानों पर हवा की रफ्तार 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
पटना, वैशाली, बेगूसराय, गया, बक्सर, भोजपुर, सीवान, सारण और औरंगाबाद समेत कई जिले इस मौसम की चपेट में आ सकते हैं। इस दौरान अचानक बारिश होने के साथ बिजली चमकने की भी संभावना है।
24 सितंबर को इन जिलों में ज्यादा बारिश
24 सितंबर को मौसम का असर खास तौर पर दक्षिण-पूर्व बिहार और सीमांचल के कुछ हिस्सों में देखने को मिल सकता है। बांका, भागलपुर, जमुई, कटिहार, किशनगंज और पूर्णिया में भारी बारिश के साथ गरज-चमक की स्थिति बन सकती है।
25 सितंबर को भी भारी बारिश के आसार
25 सितंबर को भी कई जिलों में बारिश का दौर जारी रह सकता है। औरंगाबाद, बेगूसराय, पूर्वी चंपारण, गया, मुंगेर, समस्तीपुर, सीवान, वैशाली और पश्चिमी चंपारण समेत कई जिलों में भारी बारिश की संभावना है। बारिश के साथ तेज हवा और वज्रपात की स्थिति भी बन सकती है। ऐसे में मौसम खराब होने पर घर से बाहर निकलते समय सावधानी बरतने की सलाह मौसम विभाग ने दी है।
26 और 27 सितंबर को भी जारी रहेगी बारिश
26 और 27 सितंबर को बिहार के कई हिस्सों में मानसूनी गतिविधियां बनी रह सकती हैं। इस दौरान अलग-अलग इलाकों में बारिश और गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। हालांकि, बारिश की तीव्रता हर जिले में एक जैसी नहीं होगी।
28 सितंबर को कुछ जिलों में अलर्ट
28 सितंबर तक आते-आते मौसम में कुछ सुधार के संकेत मिल रहे हैं। हालांकि, पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, बक्सर, भोजपुर, कैमूर, रोहतास, अरवल, जहानाबाद और औरंगाबाद में येलो अलर्ट रह सकता है।



