
पटना। बिहार के मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) में एक अहम प्रशासनिक बदलाव किया गया है। लंबे समय से मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव की जिम्मेदारी संभाल रहे सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी दीपक कुमार को अब इस पद से हटा दिया गया है। सरकार ने उन्हें बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (BSDMA) का उपाध्यक्ष नियुक्त किया है। यह नियुक्ति अगले आदेश तक प्रभावी रहेगी।
करीब साढ़े पांच साल तक CMO में रहे
दीपक कुमार 1984 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। वह बिहार के मुख्य सचिव के पद पर भी रह चुके हैं। वर्ष 2018 में उन्हें बिहार का मुख्य सचिव बनाया गया था और 2021 में सेवानिवृत्त हुए। रिटायरमेंट के बाद उन्हें तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का प्रधान सचिव बनाया गया था। इसके बाद मुख्यमंत्री के रूप में सम्राट चौधरी के कार्यभार संभालने के बाद भी वह CMO में इस पद पर बने रहे।
अब आपदा प्रबंधन की जिम्मेदारी
नई जिम्मेदारी के तहत दीपक कुमार बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के उपाध्यक्ष के रूप में काम करेंगे। प्राधिकरण का काम राज्य में बाढ़, सूखा, अतिवृष्टि, आंधी-वज्रपात जैसी आपदाओं से निपटने की तैयारी, जोखिम कम करने और आपदा के समय बेहतर समन्वय से जुड़ा है। प्राधिकरण के अध्यक्ष मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी हैं।
खाली था उपाध्यक्ष का पद
दीपक कुमार से पहले उदय कांत मिश्रा इस पद पर थे। उनका कार्यकाल पूरा होने के बाद 11 सितंबर से उपाध्यक्ष का पद खाली था। अब सरकार ने इस पद पर दीपक कुमार की नियुक्ति की है।



