
पटना। बिहार के जहानाबाद में नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। जिले में 25 सितंबर को रोजगार मेला आयोजित किया जाएगा। इस जॉब कैंप में करीब 50 पदों पर भर्ती का मौका है। खास बात यह है कि इसके लिए न्यूनतम योग्यता 10वीं पास रखी गई है। चयनित अभ्यर्थियों को पद के अनुसार ₹20 हजार से ₹30 हजार रुपये तक मासिक वेतन दी जाएगी।
25 सितंबर को यहां लगेगा रोजगार मेला
जहानाबाद नियोजन कार्यालय की ओर से यह रोजगार मेला संयुक्त श्रम भवन, जिला कोषागार के सामने, ब्लॉक परिसर, जहानाबाद में आयोजित किया जाएगा। नौकरी की तलाश कर रहे इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित तारीख को यहां पहुंचकर भर्ती प्रक्रिया में शामिल हो सकते हैं।
बिहार सरकार के युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग की ओर से रोजगार मेलों और जॉब कैंप के जरिए युवाओं को निजी क्षेत्र की कंपनियों से जोड़ने का काम किया जाता है। विभाग के आधिकारिक पोर्टल के मुताबिक ऐसे कैंप में कंपनियां अपनी रिक्तियां लेकर पहुंचती हैं और अभ्यर्थियों की स्क्रीनिंग, इंटरव्यू और शॉर्टलिस्टिंग जैसी प्रक्रिया की जाती है।
किन पदों पर होगी भर्ती?
इस बार जहानाबाद में होने वाले जॉब कैंप में Ironer, Delivery Driver और Helper जैसे पदों के लिए अवसर बताए गए हैं। उम्मीदवारों के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 10वीं पास निर्धारित की गई है। वहीं अभ्यर्थी की उम्र कम से कम 18 वर्ष होनी चाहिए। हालांकि अलग-अलग पदों के लिए कंपनी की ओर से अतिरिक्त शर्तें लागू हो सकती हैं,
नौकरी मिलेगी बेंगलुरु में, इतनी होगी सैलरी
इस रोजगार मेले की एक खास बात यह है कि चयनित युवाओं का कार्यस्थल बेंगलुरु होगा। यानी जहानाबाद से चयन होने के बाद उम्मीदवारों को नौकरी के लिए बिहार से बाहर जाना पड़ सकता है।
रजिस्ट्रेशन और जरूरी कागजात का रखें ध्यान
रोजगार मेले में शामिल होने वाले युवाओं को NCS (National Career Service) और बिहार रोजगार सेतु पोर्टल पर अपना रजिस्ट्रेशन पूरा रखने की सलाह दी गई है। अभ्यर्थियों को अपने जरूरी दस्तावेज, शैक्षणिक प्रमाणपत्र, पहचान पत्र और बायोडाटा आदि साथ रखना चाहिए। रोजगार मेले में शामिल होने के लिए किसी एजेंट को पैसे देने की जरूरत नहीं है। जानकारी के अनुसार जॉब कैंप की प्रक्रिया निःशुल्क है।
युवाओं के लिए रोजगार पाने का सीधा मौका
जहानाबाद में लगातार रोजगार मेलों का आयोजन किया जा रहा है। इससे स्थानीय युवाओं को कंपनियों तक सीधे पहुंचने और इंटरव्यू के जरिए नौकरी पाने का अवसर मिल रहा है। इससे पहले 12 सितंबर को जहानाबाद DRCC में जिला स्तरीय रोजगार मेला आयोजित हुआ था, जिसमें 23 निजी कंपनियों ने युवाओं के लिए अवसर उपलब्ध कराए थे।


