पटनाबिहारसामाजिक सरोकार

पक्के घर का सपना साकार: 11 लाख घरों को मंजूरी, गरीब परिवारों को बड़ी राहत

बिहार के 11 लाख से ज्यादा गरीब परिवारों को मिलेगा पक्का मकान, PM आवास योजना के तहत मिली मंजूरी

पटना: बिहार के गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए अच्छी खबर है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत राज्य में 11 लाख 18 हजार 937 नए पक्के मकानों को मंजूरी मिली है। इन घरों का लाभ उन पात्र परिवारों को मिलेगा, जो अभी कच्चे या जर्जर मकानों में रह रहे हैं।

कार्यक्रम में दी गई योजना की जानकारी 

इसको लेकर पटना के बापू सभागार में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान और बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी शामिल हुए। इस दौरान लाभुक परिवारों को आवास की मंजूरी से जुड़ी जानकारी भी दी गई। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि गरीब परिवारों को पक्का मकान देना सरकार की बड़ी प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि बिहार में 2 लाख 35 हजार आवासों का गृह प्रवेश भी कराया जा रहा है।

19 लाख परिवारों को मिला पक्का मकान 

सरकार की ओर से बताया गया कि पिछले दो वर्षों में बिहार के करीब 19 लाख परिवारों को पक्का मकान मिल चुका है। अब वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 11 लाख 18 हजार 937 नए आवासों का लक्ष्य रखा गया है।

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि हर पात्र गरीब परिवार के पास अपना पक्का घर हो। उन्होंने कहा कि योजना के नियमों में कुछ बदलाव किए गए हैं, ताकि ज्यादा जरूरतमंद परिवारों को इसका लाभ मिल सके। उन्होंने यह भी कहा कि सर्वे के दौरान जिन पात्र परिवारों के घर कच्चे पाए जाएंगे, उन्हें पक्का मकान दिया जाएगा। इस योजना से बिहार के ग्रामीण इलाकों में रहने वाले लाखों गरीब परिवारों को अपने घर का सपना पूरा हो पाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button