
पटना। बिहार विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने हिंदी दिवस और अभियंता दिवस के अवसर पर प्रदेश एवं देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि हिंदी देश की सांस्कृतिक पहचान और राष्ट्रीय एकता की मजबूत कड़ी है, वहीं अभियंता आधुनिक भारत के विकास और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
हिंदी दिवस के अवसर पर डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि हिंदी ने देश की विभिन्न भाषाओं और संस्कृतियों को जोड़ने में अहम भूमिका निभाई है। बदलते समय और तकनीकी युग के अनुरूप हिंदी के प्रयोग को प्रशासन, शिक्षा, विज्ञान, तकनीक और जनसंचार के क्षेत्रों में और व्यापक बनाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि हिंदी को आधुनिक ज्ञान-विज्ञान और तकनीक से जोड़कर नई पीढ़ी के लिए अधिक उपयोगी और सहज बनाना सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि हिंदी के सम्मान के साथ सभी भारतीय भाषाओं के प्रति समान आदर और सम्मान की भावना बनाए रखना आवश्यक है। भाषा का विकास केवल उसके प्रयोग से नहीं, बल्कि उसे ज्ञान, नवाचार और जनसेवा का माध्यम बनाने से होता है। उन्होंने लोगों से हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग और इसके संवर्धन में सक्रिय योगदान देने की अपील की।
वहीं, अभियंता दिवस पर डॉ. प्रेम कुमार ने सभी अभियंताओं के उज्ज्वल भविष्य, सुख-समृद्धि और सफलता की कामना की। उन्होंने कहा कि अभियंता अपनी तकनीकी दक्षता, वैज्ञानिक सोच और नवाचार के माध्यम से आधारभूत संरचना, जल संसाधन, सिंचाई, ऊर्जा, उद्योग, सूचना प्रौद्योगिकी और डिजिटल विकास को गति दे रहे हैं।
उन्होंने कहा कि अभियंता दिवस महान अभियंता एवं भारत रत्न सर मोक्षगुंडम विश्वेश्वरैया की जयंती के अवसर पर मनाया जाता है। उनकी दूरदृष्टि, अनुशासन और राष्ट्रसेवा की भावना आज भी अभियंताओं के लिए प्रेरणास्रोत है। डॉ. कुमार ने अभियंताओं से तकनीकी उत्कृष्टता के साथ पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सरोकारों को ध्यान में रखते हुए गुणवत्तापूर्ण एवं टिकाऊ विकास में योगदान देने का आह्वान किया।



