किसानों को बड़ा फायदा, गोदाम निर्माण पर अनुदान, 10 लाख तक सहायता
बिहार गोदाम निर्माण योजना: किसानों को गोदाम बनाने के लिए मिलेगा 10 लाख रुपये तक अनुदान

पटना : बिहार के किसानों के लिए सरकार की ओर से गोदाम निर्माण योजना चलाई जा रही है। इस योजना का उद्देश्य किसानों को अपनी फसल सुरक्षित रखने के लिए गोदाम बनाने में आर्थिक सहायता देना है। अक्सर उचित भंडारण की व्यवस्था नहीं होने के कारण किसानों का अनाज खराब हो जाता है और उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। इसी समस्या को दूर करने के लिए बिहार सरकार ने बिहार गोदाम निर्माण योजना शुरू की है।
इस योजना के तहत बिहार कृषि विभाग में पंजीकृत पात्र किसानों को अपनी जमीन पर गोदाम बनाने के लिए सरकार की ओर से अनुदान दिया जाता है। गोदाम की क्षमता और किसान की श्रेणी के आधार पर अनुदान की राशि अलग-अलग निर्धारित की गई है।
100 एमटी गोदाम पर कितना मिलेगा अनुदान?
100 मीट्रिक टन क्षमता वाले गोदाम के लिए सामान्य वर्ग के किसानों को अधिकतम 5.50 लाख रुपये या कुल लागत का 40 प्रतिशत अनुदान दिया जाता है। वहीं अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के किसानों को अधिकतम 7 लाख रुपये या कुल लागत का 50 प्रतिशत अनुदान मिलने का प्रावधान रखा गया है।
200 एमटी गोदाम पर मिलेगा 10 लाख तक लाभ
200 मीट्रिक टन क्षमता वाले गोदाम के निर्माण पर सामान्य वर्ग के किसानों को 8 लाख रुपये या कुल लागत का 40 प्रतिशत अनुदान दिया जाता है। एससी/एसटी वर्ग के किसानों को 10 लाख रुपये या कुल लागत का 50 प्रतिशत अनुदान मिल सकता है।
कौन कर सकता है आवेदन?
योजना का लाभ बिहार के कृषि विभाग में पंजीकृत किसानों को दिया जाता है। गोदाम का निर्माण किसान को अपनी जमीन पर निर्धारित क्षमता के अनुसार करना होगा। योजना के लिए आवेदन ऑनलाइन माध्यम या मोबाइल एप्लीकेशन के जरिए किया जा सकता है।
आवेदन करते समय किसान को उस जमीन पर मौजूद रहना जरूरी बताया गया है, जहां गोदाम का निर्माण किया जाना है। इसके लिए मोबाइल की लोकेशन ऑन रखनी होगी। भूमि की लोकेशन में गड़बड़ी पाए जाने पर आवेदन रद्द किया जा सकता है।
पहले लाभ ले चुके किसान नहीं होंगे पात्र
जिन किसानों ने पहले इस योजना का लाभ लिया है, वे दोबारा योजना के लिए पात्र नहीं होंगे। योजना के तहत बनाए गए गोदाम का इस्तेमाल मुख्य रूप से अनाज भंडारण के लिए किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर आपदा के समय इन गोदामों का उपयोग राज्य सरकार भी कर सकती है।
आवेदनों की विभागीय स्तर पर जांच की जाएगी। जांच में सही पाए गए आवेदनों में से लाभार्थियों का चयन निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार किया जाएगा। योजना से जुड़ी ताजा जानकारी और आवेदन प्रक्रिया के लिए किसान बिहार कृषि विभाग के आधिकारिक पोर्टल पर जानकारी ले सकते हैं।



