
Sheikhpura: बिहार कांग्रेस में बदलाव का सिलसिला लगातार जारी है। प्रदेश प्रभारी और प्रदेश अध्यक्ष के बाद अब जिलाध्यक्षों की बारी है। नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी कृष्णा अल्लावरू के निर्देश पर पार्टी ने एक्शन लेना शुरू कर दिया है। नवनियुक्त अध्यक्ष राजेश राम के द्वारा कई जिलों के जिलाध्यक्ष बदले गए हैं। युवाओं के कंधे पर महत्वपूर्ण जिम्मेदाई सौंपी गई है। जिसमें जातिगत समीकरण का भी पूरा ख्याल रखा गया है।
इसी सिलसिले में शेखपुरा कांग्रेस में भी बदलाव किया गया है। जिलाध्यक्ष के रूप में प्रभात कुमार चन्द्रवंशी जबकि कार्यकारी जिलाध्यक्ष के रूप में सवर्ण समाज के रौशन कुमार को जिम्मेदारी दी गई है। दोनों ही युवा चेहरे हैं और पार्टी में कई वर्षों से अपनी सेवा दे रहे हैं। इस बाबत प्रभात कुमार ने कहा कि पार्टी ने जिम्मेदारी दी है उसका पूरी निष्ठा से पालन करूँगा। वहीं रौशन कुमार ने भी कहा कि पार्टी की मजबूती के लिए काम करता आया हूँ आगे भी करता रहूँगा। दोनों ने प्रदेश प्रभारी एवं प्रदेश अध्यक्ष सहित पार्टी के तमाम पदाधिकारियों को धन्यवाद भी दिया है। उनके इस मनोनयन पर शेखपुरा कांग्रेस कार्यकर्त्ताओं में खुशी की लहर है। वहीं विरोधियों के हौसले भी पस्त हो गए हैं।
आपको बता दें कि प्रभात कुमार चन्द्रवंशी शेखपुरा जिले के चेवाड़ा बाजार के निवासी हैं। पटना से पढ़ाई लिखाई के बाद सक्रिय रूप से कांग्रेस की मजबूती के लिए कार्य कर रहे हैं। कन्हैया कुमार के साथ पलायन रोको नौकरी दो यात्रा में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। उनके इसी मेहनत को देखते हुए पार्टी ने उन्हें इस पद पर मनोनीत किया है। हालांकि उनके शेखपुरा के निवासी होने को लेकर लोगों में सस्पेंस बना हुआ है। क्योंकि लोगों का कहना है कि इनका परिवार ननिहाल में बस गया है, जो जमुई जिला में स्थित है।
जबकि दूसरी तरफ रौशन कुमार बरबीघा नगर क्षेत्र से आते हैं और काफी लोकप्रिय युवा चेहरा भी हैं। वे बरबीघा नगर परिषद के पूर्व उपसभापति एवं सभापति रह चुके हैं। वहीं वर्तमान में वार्ड नं 21 के पार्षद भी हैं। वर्तमान मुख्य पार्षद सोनू कुमार को भी उन्होंने ही जीत दिलाई है। उनके पिता त्रिशूलधारी सिंह भी बरबीघा के जाने-माने राजनीतिज्ञ हैं। 2010 में विधानसभा के प्रत्याशी भी रह चुके हैं। बरबीघा प्रखंड एवं नगर के कई प्रमुख पदों पर इनके समर्थकों का कब्जा है। रौशन कुमार के इस पद पर मनोनयन से पार्टी को काफी मजबूती मिली है।