बिहार बनेगा फूड हब, बिहार- UAE के बीच समझौता, किसानों को मिलेगा बाजार
बिहार–UAE साझेदारी से फूड प्रोसेसिंग को मिलेगी नई रफ्तार, दुबई में AIM Global Foundation के साथ समझौता

पटना। बिहार में औद्योगिक निवेश और फूड प्रोसेसिंग को बढ़ावा देने की दिशा में राज्य सरकार ने एक अहम कदम उठाया है। दुबई में आयोजित AIM Congress 2026 के दौरान बिहार सरकार और AIM Global Foundation के बीच समझौता ज्ञापन (MoU) हुआ है। इस साझेदारी का मुख्य उद्देश्य बिहार में एक समर्पित फूड प्रोसेसिंग पार्क और एकीकृत कृषि-खाद्य एवं फूड प्रोसेसिंग क्लस्टर को बढ़ावा देना है।
इस पहल के जरिए यूएई और व्यापक खाड़ी क्षेत्र से निवेश आकर्षित करने पर जोर दिया जाएगा। सरकार का लक्ष्य बिहार की मजबूत कृषि क्षमता को आधुनिक फूड प्रोसेसिंग, निवेश और वैश्विक बाजार से जोड़ते हुए राज्य को खाड़ी देशों की खाद्य आपूर्ति श्रृंखला में एक महत्वपूर्ण सोर्सिंग एवं प्रोसेसिंग हब के रूप में विकसित करना है।

दुबई में हुआ AIM Global Foundation से समझौता
MoU पर बिहार सरकार के उद्योग विभाग के सचिव कुंदन कुमार और AIM Global Foundation के प्रेसिडेंट H.E. दाऊद अल-शेजावी ने हस्ताक्षर किए। इस मौके पर बिहार सरकार की उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह और उद्योग निदेशक मुकुल कुमार गुप्ता भी मौजूद रहे। समझौते के तहत AIM Global Foundation और बिहार उद्योग विभाग मिलकर ऐसे निवेश अवसरों की पहचान करेंगे, जिनसे कृषि आधारित उद्योगों और फूड प्रोसेसिंग क्षेत्र में बड़े पैमाने पर निवेश लाया जा सके।
किसानों और उद्योगों को वैश्विक बाजार से जोड़ने की तैयारी
प्रस्तावित फूड प्रोसेसिंग पार्क को बिहार की कृषि क्षमता के साथ जोड़कर विकसित करने की योजना है। इससे राज्य में उत्पादित कृषि उपज की प्रोसेसिंग, वैल्यू एडिशन, पैकेजिंग और निर्यात को बढ़ावा मिल सकता है। खाड़ी देशों में खाद्य उत्पादों की मांग को देखते हुए बिहार के लिए यह साझेदारी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। निवेश आने से स्थानीय स्तर पर प्रसंस्करण इकाइयों, सप्लाई चेन और रोजगार के अवसरों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
‘पसंदीदा निवेश गंतव्य’ बनाने की दिशा में कदम
उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह ने कहा कि AIM Global Foundation के साथ साझेदारी बिहार को पसंदीदा निवेश गंतव्य बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उनके मुताबिक, यूएई के निवेश से विकसित होने वाला समर्पित फूड प्रोसेसिंग पार्क किसानों और उद्योगों को वैश्विक आपूर्ति श्रृंखलाओं से जोड़ने में मदद करेगा। वहीं, उद्योग विभाग के सचिव कुंदन कुमार ने कहा कि यह MoU बिहार और यूएई के निवेशकों के बीच फूड प्रोसेसिंग क्षेत्र में संरचित सहयोग की मजबूत नींव रखता है। विभाग AIM Global Foundation के साथ मिलकर ठोस निवेश अवसरों की पहचान करने और इस साझेदारी को आगे बढ़ाने के लिए काम करेगा।
बिहार के कृषि-खाद्य सेक्टर को मिल सकती है नई पहचान
AIM Congress 2026 के दौरान हुआ यह समझौता बिहार के कृषि-खाद्य और औद्योगिक इकोसिस्टम में वैश्विक निवेश आकर्षित करने की राज्य सरकार की रणनीति का हिस्सा है। फूड प्रोसेसिंग पार्क के जरिए बिहार की कृषि उपज को स्थानीय स्तर पर प्रोसेस कर अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने की संभावनाएं मजबूत हो सकती हैं।



