
पटना :राजधानी पटना में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी और लू को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एसएम ने कक्षा 5वीं तक के सभी स्कूलों को 26 मई तक बंद रखने का आदेश जारी किया है।
इसके साथ ही कक्षा 6 से 8 तक की कक्षाएं अब केवल सुबह 10:30 बजे तक ही संचालित की जाएंगी। यह आदेश सभी सरकारी, निजी स्कूलों, प्री-स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्रों पर लागू होगा।
बच्चों की सुरक्षा को लेकर लिया गया फैसला
जिलाधिकारी ने कहा कि भीषण गर्मी और लू की स्थिति बच्चों के स्वास्थ्य के लिए खतरा बन सकती है। इसी को ध्यान में रखते हुए शैक्षणिक गतिविधियों पर यह रोक लगाई गई है।
इस संबंध में जिला शिक्षा पदाधिकारी (DEO), आईसीडीएस (ICDS) के जिला कार्यक्रम पदाधिकारी और सभी एसडीओ को आदेश का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन अलर्ट मोड में
डीएम ने पिछले एक सप्ताह से जारी गर्मी और लू को देखते हुए सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को सतर्क रहने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और बाहर काम करने वाले श्रमिकों के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान दिया जाए।
सभी संबंधित विभागों को आपदा प्रबंधन की मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) के अनुसार काम करने का निर्देश दिया गया है।
सभी विभागों को निर्देश
जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य, शिक्षा, नगर विकास, पीएचईडी, समाज कल्याण, ग्रामीण विकास, पंचायती राज, परिवहन, ऊर्जा, श्रम संसाधन, पर्यावरण और अग्निशमन सहित सभी विभागों को अलर्ट रहने को कहा है।
उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें ताकि आपदा प्रबंधन व्यवस्था पूरी तरह मजबूत और प्रभावी बनी रहे।
मुख्य निर्देश
- कक्षा 5 तक के स्कूल 26 मई तक बंद
- कक्षा 6 से 8 तक की कक्षाएं सुबह 10:30 बजे तक
- आंगनबाड़ी केंद्र भी बंद रहेंगे
- सभी विभागों को हीटवेव अलर्ट पर रहने का आदेश
- स्थिति अभी और गंभीर हो सकती है
मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले कुछ दिनों तक गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम है। कुछ इलाकों में हल्की आंधी या बारिश की संभावना जरूर जताई गई है, लेकिन तापमान और उमस लोगों को परेशान कर सकते हैं



