बिहारशिक्षाशेखपुरा

छात्रों को किया गया सम्मानित, पुस्तकालय की दूसरी वर्षगांठ, बच्चों का बढ़ा हौसला

‘एक कदम शिक्षा की ओर’ निशुल्क पुस्तकालय की दूसरी वर्षगांठ पर मेधावी छात्र-छात्राएं सम्मानित

पटना। शेखपुरा जिले के तीनमोहनी मोड़ एक निजी सभागार में रविवार को ‘एक कदम शिक्षा की ओर’ नि:शुल्क पुस्तकालय की द्वितीय वर्षगांठ पर सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में SDPO डॉ. राकेश कुमार शामिल हुए। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया। इस दौरान विभिन्न वर्गों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को मेडल, बैग, कॉपी और कलम देकर सम्मानित किया गया। वहीं प्रत्येक वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को एक वर्ष तक स्कॉलरशिप देने की घोषणा की गई।

कार्यक्रम के दौरान पुस्तकालय की ओर से मुख्य अतिथि SDPO डॉ. राकेश कुमार को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। उपस्थित छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं। बच्चों को शिक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए समाज के बुद्धिजीवी और जागरूक लोगों द्वारा किया जा रहा प्रयास सराहनीय है। उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा के महत्व के साथ-साथ बेहतर भविष्य निर्माण के लिए निरंतर मेहनत करने की सलाह दी।

बेहतर प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राएं सम्मानित

सम्मान समारोह में अलग-अलग वर्गों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया।

इंटर एवं बीए में प्रीति कुमारी ने प्रथम, कन्हैया कुमार ने द्वितीय तथा प्रियंका कुमारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

नौवीं और दसवीं कक्षा में मौसम कुमारी प्रथम, रवीना कुमारी द्वितीय और कोमल कुमारी तृतीय स्थान पर रहीं।

सातवीं और आठवीं कक्षा में गौरव कुमार ने प्रथम, रणवीर कुमार ने द्वितीय तथा आनंद कुमार ने तृतीय स्थान हासिल किया।

पांचवी और छठी कक्षा में ऋषभ अनमोल और अभय कुमार ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। अर्णव राज द्वितीय तथा हिमांशु कुमार और अर्चना कुमारी तृतीय स्थान पर रहे।

मेधावी विद्यार्थियों को मिलेगी स्कॉलरशिप

‘एक कदम शिक्षा की ओर’ की ओर से समारोह में महत्वपूर्ण घोषणा भी की गई। प्रत्येक वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को एक वर्ष के लिए स्कॉलरशिप प्रदान की जाएगी। आयोजकों ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए प्रोत्साहित करना और उनमें बेहतर प्रदर्शन की भावना विकसित करना है।

कई राज्यों से कार्यक्रम में पहुंचे लोग

समारोह में शिक्षा के क्षेत्र से जुड़े लोगों के साथ-साथ नौकरी और व्यवसाय से जुड़े लोग भी शामिल हुए। बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और दिल्ली सहित विभिन्न राज्यों से पहुंचे लोगों ने कार्यक्रम में हिस्सा लिया और नि:शुल्क पुस्तकालय की पहल की सराहना की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

जरूरतमंद विद्यार्थियों को शिक्षा का अवसर देना उद्देश्य

कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने बताया कि एक कदम शिक्षा की ओर’ नि:शुल्क पुस्तकालय का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद छात्र-छात्राओं को बेहतर शिक्षा का अवसर उपलब्ध कराना है।साथ ही समाज में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए प्रोत्साहित करने के लिए लगातार प्रयास किया जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button