अब आस्था की राह होगी आसान, सिंधु दर्शन यात्रा पर मिलेगा 20 हजार तक अनुदान, बिहार सरकार उठाएगी यात्रा खर्च
लद्दाख की सिंधु दर्शन यात्रा पर बिहार सरकार देगी ₹20 हजार तक की मदद

पटना। बिहार कैबिनेट ने ‘बिहार सिंधु दर्शन तीर्थयात्रा वित्तीय सहायता अनुदान योजना’को मंजूरी दे दी है। इसके तहत लद्दाख में सिंधु दर्शन तीर्थयात्रा करने वाले बिहार के लोगों को यात्रा खर्च में आर्थिक मदद दी जाएगी। योजना के तहत यात्री को वास्तविक यात्रा खर्च का 50 फीसदी या अधिकतम 20 हजार का अनुदान दिया जाएगा। शुरुआत में हर साल करीब 100 तीर्थयात्रियों को इसका लाभ मिलेगा।
यात्रा खर्च का 50 फीसदी या ₹20 हजार तक सहायता
कैबिनेट की मंजूरी के बाद उपलब्ध जानकारी के अनुसार, पात्र तीर्थयात्रियों को उनके वास्तविक यात्रा खर्च का 50 प्रतिशत या अधिकतम ₹20 हजार की आर्थिक सहायता दी जाएगी
यानि, अगर किसी यात्री का पात्र यात्रा खर्च ₹30,000 है तो उसे 50 फीसदी के हिसाब से ₹15,000 की सहायता मिल सकती है। वहीं, खर्च अधिक होने पर भी सहायता की अधिकतम सीमा ₹20,000 रहेगी।
हर साल करीब 100 लोगों को मिल सकता है लाभ
शुरुआती चरण में हर साल करीब 100 तीर्थयात्रियों को इस योजना का लाभ मिलने की संभावना है। लाभार्थियों के चयन और अंतिम संख्या से जुड़ी विस्तृत जानकारी सरकार की ओर से जारी होने वाले दिशा-निर्देशों में स्पष्ट की जाएगी।
कौन ले सकता है योजना का लाभ?
अधिकारिक जानकारी के अनुसार, योजना का लाभ लेने के लिए आवेदक का बिहार का निवासी होना और उसकी उम्र कम से कम 18 वर्ष होना जरूरी हो सकता है। इसके अलावा आवेदक को लद्दाख में सिंधु दर्शन तीर्थयात्रा करनी होगी। सरकार की ओर से निर्धारित अन्य शर्तों को भी पूरा करना होगा।
आवेदन की प्रक्रिया अभी साफ नहीं
फिलहाल बिहार सरकार ने योजना की विस्तृत आवेदन प्रक्रिया, जरूरी दस्तावेज और आवेदन की समय-सीमा जारी नहीं की है। माना जा रहा है कि यात्रा पूरी करने के बाद टिकट, यात्रा खर्च की रसीद और अन्य प्रमाणों के आधार पर सहायता के लिए आवेदन किया जा सकता है।



