
पटना: बिहार सरकार की बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना (BSCC) उन स्टूडेंट्स के लिए अहम योजना है, जो 12वीं के बाद उच्च शिक्षा जारी रखना चाहते हैं, लेकिन पैसों की तंगी के कारण पढ़ाई का खर्च उठाने में कठिनाई होती है। इस योजना के तहत पात्र स्टूडेंट्स को उच्च शिक्षा के लिए शिक्षा ऋण उपलब्ध कराया जाता है। आधिकारिक जानकारी के अनुसार अधिकतम 4 लाख रुपये तक का शिक्षा ऋण स्वीकृत किया जा सकता है।
4 लाख रुपये तक शिक्षा ऋण
बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना के तहत विद्यार्थी अपनी उच्च शिक्षा से संबंधित खर्चों के लिए अधिकतम ₹4 लाख तक का ऋण का लाभ उठा सकते हैं। 2016 में सात निश्चय योजना के तहत इस याेजना को लागू किया गया है।योजना की आधिकारिक गाइडलाइन के मुताबिक ऋण पर सामान्य स्टूडेंट्स के लिए 4 प्रतिशत साधारण ब्याज रखा गया था, जबकि महिला, दिव्यांग और ट्रांसजेंडर आवेदकों के लिए 1 प्रतिशत साधारण ब्याज की दर बताई गई है, हालांकि मौजूदा समय में चार लाख रुपये के ऋण को ब्याज मुक्त कर दिया गया है।
कौन कर सकता है आवेदन?
योजना का लाभ लेने के लिए स्टूडेंट्स को निर्धारित पात्रता शर्तें पूरी करनी जरूरी हैं। इस योजना का लाभ लेने के लिए स्टूडेंट्स को बिहार के किसी शिक्षण संस्थान से 12वीं पास होना जरूरी है। इसके अलावा स्टूडेंट्स का दाखिला योजना के तहत मान्य उच्च शिक्षण संस्थान और पाठ्यक्रम में होना चाहिए।
ऑनलाइन आवेदन कैसे करें?
स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना के लिए आवेदन ऑनलाइन किया जाता है। आवेदक को सबसे पहले New Application Registration के माध्यम से पंजीकरण करना होता है। पंजीकरण के दौरान मोबाइल नंबर और ईमेल पर OTP प्राप्त होता है। इसके बाद लॉगिन करके स्टूडेंट्स BSCC योजना का चयन कर आवेदन प्रक्रिया पूरी कर सकता है।



