
पटना। बरबीघा नगर परिषद में बुधवार को बोर्ड की सामान्य बैठक नगर परिषद के सभापति शोनू कुमार की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में शहर की साफ-सफाई, जलापूर्ति, नाला निर्माण, बिजली, विकास योजनाओं समेत विभिन्न जनसमस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में विधायक डॉ. कुमार पुष्पंजय, उपसभापति निधि कुमारी, पूर्व सभापति-सह-वार्ड पार्षद, रौशन कुमार, वार्ड पार्षद प्रसून्न कुमार, सुनील सिंह, रामजी सिंह, अंजू देवी, किरण देवी सहित सभी वार्ड पार्षद मौजूद रहे। इसके अलावा कार्यपालक पदाधिकारी रमण कुमार, सिटी मैनेजर राजीव आनंद, स्वच्छता पदाधिकारी राज वर्धन समेत नगर परिषद के सभी कर्मी बैठक में उपस्थित थे।
बैठक के दौरान शहर की साफ-सफाई व्यवस्था, तेउसाइन पैन की सफाई, खुले नालों पर स्लैब की ढलाई, नल-जल आपूर्ति, तार-पोल तथा विभिन्न विकास योजनाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। नगर क्षेत्र में चल रही सभी लंबित योजनाओं को जल्द से जल्द पूरा कराने का निर्णय लिया गया।
जल चोरी करने वालों पर होगी कार्रवाई
बैठक में नल-जल योजना की पाइपलाइन में मोटर लगाकर पानी की चोरी किए जाने का मामला भी गंभीरता से उठाया गया। समिति ने नगर परिषद को विशेष छापेमारी टीम गठित कर जल्द से जल्द कार्रवाई करने तथा पानी चोरी करने वालों से जुर्माना वसूलने का निर्देश दिया।
विधायक ने जल्द समाधान का दिया आश्वासन
वहीं, नगर परिषद बरबीघा में स्ट्रोम वाटर ड्रेनेज सिस्टम के DPR तैयार होने में हो रही देरी, बिजली की समस्या, चापाकल की मांग तथा पैन की उड़ाही एवं सफाई जैसे मुद्दों पर भी चर्चा हुई। विधायक डॉ. कुमार पुष्पंजय ने संबंधित समस्याओं के जल्द समाधान और कार्यों को शीघ्र पूरा कराने का आश्वासन दिया।



