
पटना। राजधानी पटना में मेट्रो रेल परियोजना के निर्माण कार्यों में तेजी लाने की तैयारी है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कल नेहरू पथ पर चल रहे निर्माण कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पटना मेट्रो परियोजना का पूरा निर्माण कार्य वर्ष 2028 तक हर हाल में पूरा किया जाए। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि काम में तेजी लाने के साथ निर्माण की गुणवत्ता और सुरक्षा से कोई समझौता नहीं होना चाहिए।
इनकम टैक्स गोलंबर से हाईकोर्ट तक लिया जायजा
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने इनकम टैक्स गोलंबर, हाईकोर्ट चौराहा और हनुमान मंदिर के पास चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति देखी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से परियोजना की मौजूदा स्थिति की जानकारी ली और काम में बेहतर तालमेल बनाए रखने को कहा।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि निर्माण कार्य के कारण आम लोगों को कम से कम परेशानी हो। इसके लिए निर्माण स्थलों के आसपास ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त रखने और पैदल यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
नेहरू पथ पर बनेंगे दो फुट ओवरब्रिज
मेट्रो निर्माण के साथ पैदल यात्रियों की सुविधा बढ़ाने के लिए नेहरू पथ पर दो फुट ओवरब्रिज बनाने का निर्देश दिया गया है। पहला फुट ओवरब्रिज जेडी वीमेंस कॉलेज के पास और दूसरा हाईकोर्ट चौराहा-बिहार म्यूजियम के नजदीक बनाया जाएगा। इससे सड़क पार करने वाले लोगों को सुविधा मिलेगी।
13,365 करोड़ रुपये की है परियोजना
पटना मेट्रो रेल परियोजना को फरवरी 2019 में केंद्रीय मंत्रिमंडल से मंजूरी मिली थी। इसकी अनुमानित लागत 13,365 करोड़ रुपये है। परियोजना का उद्देश्य राजधानी में सार्वजनिक परिवहन को बेहतर बनाना और सड़कों पर वाहनों का दबाव कम करना है।
अधिकारियों को नियमित निगरानी का निर्देश
मुख्यमंत्री ने निर्माण कार्यों की नियमित समीक्षा करने और सभी संबंधित विभागों के बीच समन्वय बनाए रखने को कहा। निरीक्षण के दौरान उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी सहित कई मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।



