
पटना। बिहार के पहले ग्रीनफील्ड एक्सेस-कंट्रोल्ड एक्सप्रेसवे, आमस-दरभंगा (NH-119D) को कई प्रमुख इलाकों से जोड़ने की तैयारी है। इसके लिए चार नए लिंक रोड यानी स्पर बनाने की योजना बनाई गई है। इनसे बोधगया, राजगीर, डोभी और दरभंगा शहर तक पहुंच आसान हो सकेगी। इन सड़कों के लिए तय अलाइनमेंट पर राज्य सरकार की सहमति मिल चुकी है और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के स्तर पर विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार करने की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है।
बोधगया के लिए 19.26 किलोमीटर का लिंक रोड
बोधगया को एक्सप्रेसवे से जोड़ने के लिए 19.26 किलोमीटर लंबा स्पर बनाया जाएगा। इस परियोजना पर 613.19 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। फिलहाल इसके अलाइनमेंट को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया चल रही है। इससे बोधगया आने वाले पर्यटकों और स्थानीय लोगों को फायदा मिलने की उम्मीद है।
राजगीर और डोभी को भी मिलेगी कनेक्टिविटी
राजगीर को जोड़ने के लिए 38.78 किलोमीटर लंबा लिंक रोड प्रस्तावित है। इस पर करीब 1,213.74 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। वहीं, डोभी के लिए 22.70 किलोमीटर लंबा स्पर बनाया जाएगा, जिसकी अनुमानित लागत 849.34 करोड़ रुपये बताई गई है। डोभी स्पर के अलाइनमेंट की मंजूरी के लिए प्रस्ताव NHAI को भेजा गया है।
दरभंगा शहर तक पहुंचना होगा आसान
दरभंगा शहर को एक्सप्रेसवे से सीधे जोड़ने के लिए 12.70 किलोमीटर लंबा लिंक रोड बनाने की योजना है। इसकी अनुमानित लागत 866 करोड़ रुपये है। इससे शहर के अंदरूनी हिस्सों तक पहुंच बेहतर हो सकती है।
अभी क्या है परियोजना की स्थिति?
चारों लिंक रोड की कुल अनुमानित लागत करीब 3,542 करोड़ रुपये बैठती है। हालांकि, ये परियोजनाएं अभी योजना और DPR से जुड़ी प्रक्रिया में हैं। इसलिए निर्माण शुरू होने और पूरा होने की समयसीमा की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।



