बिहार सरकार का तोहफा: दिवाली-छठ पर बिहार आने वालों को राहत, आज से चलेंगी 40 त्योहार स्पेशल बसें
त्योहारों में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए बिहार सरकार ने चार शहरों से विशेष बस सेवा शुरू करने की तैयारी की है, जिससे घर लौटने वालों को सफर का एक और विकल्प मिलेगा।

पटना। दिवाली और छठ महापर्व पर बिहार आने-जाने वाले यात्रियों के लिए राहत की खबर है। ट्रेनों में टिकट की बढ़ती मांग और त्योहारों के दौरान होने वाली भीड़ को देखते हुए आज से 40 त्योहार स्पेशल बसों का परिचालन शुरू किया जा रहा है। यह सेवा बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (BSRTC) की बड़ी योजना का हिस्सा है।
पटना से सबसे ज्यादा चलेंगी बसें
पहले चरण में पटना, पूर्णिया, गया और मुजफ्फरपुर से इन बसों का परिचालन किया जाएगा। इनमें सबसे ज्यादा 30 बसें पटना से चलाई जाएगी। बाकी बसें अन्य तीन शहरों से संचालित होंगी। इन सेवाओं से यात्रियों को दूसरे राज्यों तक पहुंचने के लिए अतिरिक्त विकल्प मिलेगा।
दिल्ली, यूपी, बंगाल समेत पांच राज्यों तक मिलेगी सुविधा
त्योहार स्पेशल बसों के जरिए बिहार को दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, झारखंड और पश्चिम बंगाल से जोड़ने की योजना है। संभावित गंतव्यों में दिल्ली, गाजियाबाद, गुरुग्राम, फरीदाबाद, अंबाला, कोलकाता और सिलीगुड़ी जैसे शहर शामिल हैं। इस सुविधा से दूसरे राज्यों में नौकरी या कारोबार करने वाले बिहार के लोगों को घर आने-जाने में मदद मिल सकती है। त्योहार के बाद काम पर लौटने वाले यात्रियों को भी इसका लाभ मिलेगा।
आगे 200 बसें चलाने की है योजना
40 बसों के साथ शुरू होने वाली यह सेवा बड़ी योजना का पहला चरण है। रिपोर्ट के अनुसार, बिहार सरकार की योजना राज्य के करीब एक दर्जन शहरों से कुल 200 विशेष बसें चलाने की है। इसमें दरभंगा, मधुबनी, छपरा, सीवान, गोपालगंज, लखीसराय, अररिया और किशनगंज जैसे शहरों को भी शामिल करने की योजना है।


