पटना : बिहार की राजनीति में एक बड़ा सियासी बदलाव देखने को मिल रहा है। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) की चर्चित महिला नेता और ‘मुखिया दीदी’ के नाम से पहचान बनाने वाली रितु जायसवाल अब भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल होने जा रही हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इसकी आधिकारिक जानकारी साझा की है।
रितु जायसवाल 26 मई को पटना स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पार्टी की सदस्यता लेंगी। बताया जा रहा है कि भाजपा के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में उनका औपचारिक स्वागत किया जाएगा।
सोशल मीडिया पोस्ट से किया ऐलान
रितु जायसवाल ने अपने संदेश में समर्थकों और शुभचिंतकों का आभार जताते हुए लिखा कि राजनीति उनके लिए “प्रदर्शन नहीं, बल्कि सेवा और जिम्मेदारी का माध्यम” है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कार्यक्रम में अनावश्यक भीड़ और लंबे काफिलों से बचने की अपील भी की।
उन्होंने पर्यावरण संरक्षण और ईंधन बचत का संदेश देते हुए सार्वजनिक परिवहन और शेयरिंग वाहन के इस्तेमाल की सलाह दी।
2025 चुनाव के बाद बढ़ी थी दूरी

राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि विधानसभा चुनाव 2025 के दौरान टिकट कटने के बाद रितु जायसवाल और RJD के बीच दूरी बढ़ गई थी। वह पार्टी के महिला प्रकोष्ठ में अहम जिम्मेदारी निभा चुकी हैं और उत्तर बिहार में उनकी अच्छी पकड़ मानी जाती है।
BJP को मिल सकता है राजनीतिक फायदा
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि रितु जायसवाल के भाजपा में शामिल होने से उत्तर बिहार में पार्टी के सामाजिक समीकरण मजबूत हो सकते हैं। खासकर महिला वोटरों और ग्रामीण क्षेत्रों में इसका असर देखने को मिल सकता है।
हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम पर RJD की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।




