किसानों के लिए बड़ी खबर: डीजल अनुदान योजना के लिए आवेदन शुरू, 30 अक्टूबर तक मिलेगा मौका
खेतों में लहलहाएंगे फसल, सिंचाई की समस्या होगी दूर

पटना: बिहार में खरीफ फसलों की सिंचाई करने वाले किसानों के लिए राहत की खबर है। राज्य सरकार के कृषि विभाग ने डीजल सब्सिडी (खरीफ) 2026-27 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। 30 अक्टूबर 2026 तक आवेदन कर सकते हैं।

डीजल अनुदान योजना क्या है?
खरीफ सीजन में किसानों को सिंचाई के बढ़ते खर्च से राहत देने के लिए सरकार ने डीजल अनुदान योजना शुरू की है। इस योजना के तहत किसानों को डीजल खरीद पर 75 रुपये प्रति लीटर की दर से सब्सिडी दी जाएगी। सरकार का उद्देश्य सिंचाई की लागत कम करने के साथ-साथ किसानों को समय पर फसलों की सिंचाई की सुविधा उपलब्ध कराना है। कृषि विभाग की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, एक एकड़ जमीन में एक सिंचाई के लिए किसानों को अधिकतम 750 रुपये तक का डीजल अनुदान दिया जाएगा। वहीं, एक किसान अधिकतम 8 एकड़ भूमि की सिंचाई के लिए इस योजना का लाभ ले सकता है।
डीजल पर मिलेगा अनुदान
सरकारी दिशा-निर्देशों के अनुसार डीजल अनुदान की राशि निर्धारित सिंचाई क्षेत्र के आधार पर तय होगी। आवेदन के दौरान किसान द्वारा दर्ज किए गए सिंचित रकबे के आधार पर अनुमानित अनुदान राशि पोर्टल पर दिखाई जाएगी
आधार से लिंक बैंक खाते में आएगी राशि
डीजल अनुदान की राशि किसान के आधार से जुड़े बैंक खाते में DBT के माध्यम से भेजी जाएगी। बैंक खाता आधार और NPCI से लिंक होना जरूरी है। कृषि विभाग ने किसानों को आवेदन से पहले बैंक खाते की सीडिंग स्थिति जांचने की सलाह दी है।



