बरबीघा नगर परिषद की सशक्त स्थाई समिति पर रौशन कुमार गुट का कब्जा, 22-6 से विपक्ष को दी करारी शिकस्त

शेखपुरा: जिले के बरबीघा नगर परिषद कार्यालय में मंगलवार को सशक्त स्थाई कार्य समिति का चुनाव भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच संपन्न हुआ। जिला उपसमाहर्ता की सीधी निगरानी में हुए इस चुनाव में पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष रौशन कुमार के नेतृत्व वाले गुट ने एकतरफा जीत दर्ज कर नगर परिषद की राजनीति में अपनी मजबूत पकड़ का फिर से प्रदर्शन किया।
चुनाव परिणामों में रौशन कुमार गुट को कुल 22 वोट प्राप्त हुए, जबकि विपक्षी खेमे को मात्र 6 वोटों से संतोष करना पड़ा। वहीं एक मत को अवैध घोषित कर दिया गया। इस बड़ी जीत के साथ रौशन कुमार, अंजू देवी और विकास कुमार सशक्त स्थाई समिति के सदस्य निर्वाचित घोषित किए गए।
निर्वाचित सदस्यों में रौशन कुमार को 22 वोट मिले, जबकि अंजू देवी और विकास कुमार को 20-20 मत प्राप्त हुए। परिणाम सामने आते ही समर्थकों में भारी उत्साह देखने को मिला और नगर परिषद परिसर के बाहर जश्न का माहौल बन गया।
चुनाव को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। बरबीघा नगर परिषद कार्यालय को सुरक्षा के लिहाज से अभेद किले में तब्दील कर दिया गया था। बिना पहचान पत्र और सघन जांच के किसी को भी परिसर के आसपास जाने की अनुमति नहीं दी गई। बरबीघा की राजनीति को हमेशा से हाई-प्रोफाइल माना जाता रहा है, जहां छोटे चुनावों में भी बड़े राजनीतिक समीकरण देखने को मिलते हैं।
स्थानीय लोगों का मानना है कि इस चुनाव परिणाम ने एक बार फिर साफ कर दिया है कि नगर परिषद के भीतर रौशन कुमार की पकड़ अभी भी बेहद मजबूत है। वहीं विपक्षी खेमे की कमजोर रणनीति और मजबूत उम्मीदवार की कमी उनकी हार का बड़ा कारण बनी।
जीत के बाद नवनिर्वाचित सदस्यों ने कहा कि यह जीत विकास की सोच और पार्षदों के विश्वास की जीत है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि अब समिति का मुख्य उद्देश्य नगर परिषद क्षेत्र में रुके हुए विकास कार्यों को गति देना और आम लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना होगा।



