खेती और किसानीबिहार

गेंदा, नारियल और लेडी रोसेटा आलू की खेती पर सरकार दे रही अनुदान, जानिए किस फसल पर कितनी मिलेगी मदद

गेंदा पर ₹40 हजार, नारियल और लेडी रोसेटा आलू पर 75% तक अनुदान।

पटना। बिहार के किसानों के लिए बागवानी से जुड़ी खेती में सरकार की ओर से आर्थिक मदद दी जा रही है। गेंदा फूल की खेती पर प्रति हेक्टेयर अधिकतम ₹40,000, नारियल के पौधे पर 75 प्रतिशत तक सहायता और लेडी रोसेटा आलू की खेती पर 75 प्रतिशत तक अनुदान दिया जा रहा है। इन योजनाओं का उद्देश्य किसानों को बागवानी फसलों की ओर प्रोत्साहित करना और खेती की लागत में मदद करना है।

गेंदा फूल की खेती पर ₹40 हजार तक मदद

गेंदा फूल की खेती को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने अलग योजना शुरू की है। इसमें एक हेक्टेयर गेंदा की खेती की अनुमानित लागत ₹80,000 तय की गई है। इस पर 50 प्रतिशत की दर से किसान को अधिकतम ₹40,000 प्रति हेक्टेयर अनुदान मिल सकता है। एक किसान कम से कम 0.1 हेक्टेयर और अधिकतम 2 हेक्टेयर क्षेत्र में इस योजना का लाभ ले सकता है।

नारियल के पौधे पर 75% अनुदान

बिहार में नारियल की खेती को बढ़ावा देने के लिए पौधों के वितरण पर भी सरकारी सहायता मिल रही है। एक नारियल पौधे की निर्धारित लागत ₹115 है। इसमें 75 प्रतिशत यानी करीब ₹86.25 प्रति पौधा सरकार की ओर से सहायता के रूप में दी जाएगी। इस योजना के तहत एक लाभार्थी को 5 से लेकर अधिकतम 712 पौधे दिए जा सकते हैं। खास बात यह है कि नारियल के पौधे खेत के साथ-साथ घर के आसपास, बाड़ी और किचन गार्डन में लगाने के लिए भी लिए जा सकते हैं।

लेडी रोसेटा आलू पर भी बड़ी मदद

प्रोसेसिंग के लिए इस्तेमाल होने वाली लेडी रोसेटा किस्म के आलू की खेती को भी सरकार बढ़ावा दे रही है। एक हेक्टेयर खेती की अनुमानित लागत ₹1,25,150 रखी गई है। इस पर 75 प्रतिशत के हिसाब से किसान को करीब ₹93,863 प्रति हेक्टेयर तक अनुदान मिल सकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button