वैशाली में गंगा में डूबी नाव , 13 बच्चों की मौत; एक परिवार की 7 बच्चियों की गई जान
श्राद्ध भोज में शामिल होने जा रहे बच्चों की नाव पलटने से राघोपुर में मचा कोहराम, एक किशोरी ने पानी में कूदकर कई बच्चों की जान बचाई।

पटना। वैशाली जिले में गंगा नदी में नाव पलटने से 13 बच्चों की मौत हो गई। यह दर्दनाक हादसा मंगलवार की रात करीब 7:30 से 8 बजे के बीच राघोपुर थाना क्षेत्र के रामपुर श्यामचंद पंचायत के पास हुआ। नाव पर सवार बच्चे पड़ोसी गांव में श्राद्ध भोज में शामिल होने जा रहे थे। हादसे के बाद स्थानीय लोगों, गोताखोरों और एसडीआरएफ की टीम ने बचाव अभियान चलाया। इस हादसे में एक ही परिवार के सात बच्चियों की जान चली गई।
कैसे हुआ हादसा?
अधिकारिक जानकारी के मुताबिक, मंगलवार की देर शाम बच्चे एक छोटी नाव पर सवार होकर नदी की दूसरी ओर जा रहे थे। शुरुआती जानकारी के अनुसार नाव में करीब 15 से 25 लोगों के सवार थे, हालांकि यात्रियों की सही संख्या स्पष्ट नहीं है। इसी दौरान नाव नदी के बीच में पलट गई और उस पर सवार लोग पानी में डूबने लगे।
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और लोगों को बाहर निकालने में जुट गए। बाद में प्रशासन और एसडीआरएफ की टीम ने भी राहत-बचाव कार्य शुरू किया। वैशाली की जिलाधिकारी वर्षा सिंह के अनुसार, हादसे में 13 बच्चों की मौत हुई, जबकि सात लोगों को बचाकर इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
किशोरी ने दिखाई हिम्मत, बचाई बच्चों की जान
जानकारी अनुसार, इस दर्दनाक घटना के बीच एक किशोरी की बहादुरी की भी चर्चा हो रही है।17 वर्षीय चांदनी ने नदी में कूदकर तीन बच्चों को बचाया, हालांकि हादसे में उसकी अपनी बहन की मौत हो गई। हालांकि ,किशोरी की उम्र और बचाए गए बच्चों की संख्या को लेकर अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
सरकार ने मुआवजे का किया ऐलान
हादसे के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। वहीं, बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने प्रत्येक मृतक के परिवार को चार-चार लाख रुपये की सहायता देने का ऐलान किया है।
नाव की सुरक्षा पर उठे सवाल
घटना के बाद नाव की हालत और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों ने नाव के पुरानी और जर्जर होने की बात कही है। हालांकि, हादसे के वास्तविक कारण की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।



