
पटना। बिहार में राज्य के मुख्य सूचना आयुक्त की नियुक्ति को लेकर तस्वीर साफ हो गई है।पुलिस महानिदेशक (DGP) विनय कुमार को बिहार का नया मुख्य सूचना आयुक्त बनाए जाने पर सहमति बनी है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में हुई उच्चस्तरीय चयन समिति की बैठक में फैसला लिया गया। बैठक में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव भी मौजूद रहे।
विनय कुमार के नाम पर सहमति
मुख्य सूचना आयुक्त के चयन के लिए बनी तीन सदस्यीय समिति में मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष शामिल हुए। शुक्रवार को हुई बैठक में विनय कुमार के नाम पर सहमति बनी है। विनय कुमार बिहार कैडर के वरिष्ठ IPS अधिकारी हैं और राज्य के DGP की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। वह फिलहाल छुट्टी पर हैं। उनकी गैरमौजूदगी में वरिष्ठ IPS अधिकारी प्रीता वर्मा को DGP का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
जून के बाद खाली था मुख्य सूचना आयुक्त का पद
बिहार राज्य सूचना आयोग में मुख्य सूचना आयुक्त का पद पूर्व मुख्य सूचना आयुक्त त्रिपुरारी शरण का कार्यकाल समाप्त होने के बाद खाली था। अब चयन समिति की बैठक में विनय कुमार के नाम पर सहमति बनने के बाद इस पद पर नियुक्ति की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
अंजनी कुमार सिंह भी बनेंगे सूचना आयुक्त
मुख्य सूचना आयुक्त के साथ राज्य सूचना आयोग में एक सूचना आयुक्त की नियुक्ति को लेकर भी जानकारी सामने आई है। रिपोर्टों के मुताबिक, पूर्व वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी अंजनी कुमार सिंह को सूचना आयुक्त बनाया जाएगा। वे विधि विभाग में सचिव की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं।
RTI से जुड़े मामलों की होगी सुनवाई
राज्य सूचना आयोग का काम सूचना के अधिकार यानी RTI Act से जुड़े मामलों की सुनवाई और निपटारा करना है। जब किसी नागरिक को सरकारी विभाग से मांगी गई सूचना नहीं मिलती या सूचना देने से इनकार किया जाता है, तो वह निर्धारित प्रक्रिया के तहत आयोग का रुख कर सकता है। मुख्य सूचना आयुक्त आयोग के कामकाज में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।



