
पटना। बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने शनिवार को न्यूजीलैंड के हैमिल्टन में आयोजित ‘विकसित भारत रन 2026 सेवा पखवाड़ा’ कार्यक्रम में हिस्सा लिया। भारत के महावाणिज्य दूतावास, ऑकलैंड की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में भारतीय समुदाय के 100 से अधिक सदस्यों के साथ कुछ स्थानीय लोगों ने भी भाग लिया। कार्यक्रम का आयोजन दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक किया गया।
महावाणिज्य दूत समेत कई लोग हुए शामिल
कार्यक्रम में भारत के महावाणिज्यदूत डॉ. मदन मोहन सेठी और काउंसल संजीव कुमार भी मौजूद रहे। उन्होंने भारतीय समुदाय के सदस्यों के साथ रन में भाग लेकर फिटनेस और सामुदायिक भागीदारी का संदेश दिया।
फिटनेस के साथ एकजुटता और सेवा पर जोर
‘विकसित भारत रन’ का उद्देश्य केवल शारीरिक गतिविधि तक सीमित नहीं रहा। कार्यक्रम के जरिए भारतीय समुदाय और स्थानीय लोगों को स्वास्थ्य, एकता, सामुदायिक भावना और सेवा जैसे विषयों से जोड़ने की कोशिश की गई।
सामुदायिक सदस्यों ने निभाई अहम भूमिका
कार्यक्रम के आयोजन में कई सामुदायिक नेताओं और भारतीय समुदाय के सदस्यों ने सहयोग किया। श्री बाला भास्कर, डॉ. लक्ष्मी और श्री विनय समेत अन्य सदस्यों ने कार्यक्रम में शामिल हुए।
सेवा पखवाड़ा को मिला सामुदायिक जुड़ाव
हैमिल्टन में आयोजित यह कार्यक्रम भारतीय समुदाय के लोगों के लिए एक साथ आने और सामाजिक जुड़ाव मजबूत करने का अवसर बना। आयोजकों के अनुसार, स्थानीय लोगों की भागीदारी ने भी कार्यक्रम को व्यापक सामुदायिक स्वरूप दिया। मौसम बादलों से घिरा था और बारिश की संभावना भी थी, लेकिन प्रतिभागियों के उत्साह में कोई कमी नहीं आई। सभी समूहों ने अलग-अलग समय पर रन में हिस्सा लिया।



