जानकारीपटनाबिहार

पटना में AISA-RYA का लोकभवन मार्च, SIR के विरोध में छात्रों ने तोड़ी बैरिकेडिंग; CEC के इस्तीफे की मांग

मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों और पुलिस के बीच जेपी गोलंबर के पास तनाव हुआ, जबकि डाकबंगला चौराहे पर जाम की स्थिति बन गई।

पटना। राजधानी पटना में मंगलवार को ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) और रिवोल्यूशनरी यूथ एसोसिएशन (RYA) के नेतृत्व में छात्रों ने लोकभवन मार्च निकाला। प्रदर्शनकारी मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) में कथित गड़बड़ियों का विरोध कर रहे थे। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और मतदाता सूची से नाम हटाने की प्रक्रिया रद्द करने की मांग उठाई। मार्च के दौरान पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए बैरिकेडिंग की, लेकिन कुछ छात्र बैरिकेड पार कर आगे बढ़ गए। इससे पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तनाव की स्थिति बन गई।

गांधी मैदान से शुरू हुआ मार्च, जेपी गोलंबर पर रोका

जानकारी के अनुसार, छात्र गांधी मैदान के गेट नंबर 10 के पास जुटे थे। यहां से उन्हें लोकभवन की ओर जाना था। मार्च को देखते हुए प्रशासन ने इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया था। राम गुलाम चौक से जेपी गोलंबर जाने वाले रास्ते पर भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई थी।

जेपी गोलंबर के पास पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोकने की कोशिश की। इस दौरान कुछ प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेडिंग तोड़ दी और डाकबंगला चौराहे की ओर बढ़ने लगे। इसके बाद पुलिस ने उन्हें पीछे हटाने का प्रयास किया।

पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया

मार्च के दौरान पुलिस ने कुछ प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया। जानकारी के मुताबिक, पुलिस ने जेपी गोलंबर के आसपास सुरक्षा बढ़ाई थी। मौके पर वज्र वाहन और वाटर कैनन भी तैनात किए गए थे। प्रदर्शनकारियों के डाकबंगला चौराहे की ओर बढ़ने के दौरान यातायात प्रभावित हुआ और जाम की स्थिति बनी। बाद में पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को पीछे हटाया।

गर्दनीबाग में प्रदर्शन की अनुमति, प्रशासन ने पहले ही जारी किए थे निर्देश

पटना जिला प्रशासन ने धरना-प्रदर्शन के लिए गर्दनीबाग को निर्धारित स्थल बताया था। प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया था कि निर्धारित जगह के अलावा अन्य स्थानों पर प्रदर्शन करने से यातायात और आम लोगों की आवाजाही प्रभावित हो सकती है। अधिकारियों ने संगठनों से तय स्थल पर शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगें रखने की अपील की थी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button