गंगा दशहरा पर बख्तियारपुर पहुंचे नीतीश कुमार, सीढ़ी घाट पर की मां गंगा की पूजा
राधे-कृष्ण मंदिर में दर्शन, पैतृक आवास भी पहुंचे; समर्थकों में दिखा उत्साह

गंगा दशहरा के पावन अवसर पर बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद Nitish Kumar सोमवार को पटना जिले के बख्तियारपुर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने सीढ़ी घाट पर मां गंगा की विशेष पूजा-अर्चना की और पारंपरिक धार्मिक कार्यक्रमों में हिस्सा लिया।
नीतीश कुमार बख्तियारपुर स्थित सीढ़ी घाट पहुंचे, जहां स्थानीय प्रशासन पहले से अलर्ट मोड में नजर आया। घाट परिसर में सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए थे और श्रद्धालुओं की भीड़ भी देखने को मिली। गंगा दशहरा के अवसर पर उन्होंने विधि-विधान के साथ मां गंगा की पूजा की।
गंगा पूजन के बाद नीतीश कुमार पास स्थित राधे-कृष्ण मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया। इसके बाद उन्होंने स्वतंत्रता सेनानी पंडित शीलभद्र याजी के स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रमों में भाग लेने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री अपने बख्तियारपुर स्थित पैतृक आवास भी पहुंचे। यहां समर्थकों और स्थानीय लोगों की हलचल देखने को मिली। कुछ समय रुकने के बाद वे पटना के लिए रवाना हो गए।
राजनीतिक हलकों में भी इस दौरे को लेकर चर्चा बनी रही, क्योंकि मुख्यमंत्री पद पर रहते हुए भी नीतीश कुमार अक्सर बिहार के ऐतिहासिक और धार्मिक स्थलों पर पूजा-अर्चना करते नजर आते थे। पद पर नहीं रहने के बावजूद गंगा दशहरा के मौके पर उनका वही पारंपरिक और धार्मिक अंदाज़ एक बार फिर देखने को मिला।
गंगा दशहरा के अवसर पर बख्तियारपुर के घाटों और मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। प्रशासन की ओर से सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष इंतजाम किए गए थे, ताकि लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।



