
पटना। पूर्णिया जिले के बी. कोठी प्रखंड के ओरलाहा स्थित उत्क्रमित उच्च विद्यालय में 10वीं कक्षा के विद्यार्थियों की परीक्षा बदहाल व्यवस्था के बीच कराने का मामला सामने आया है। विद्यार्थियों को पेड़ के नीचे बोरे पर बैठाकर परीक्षा दिलाने के साथ-साथ मुर्गी फार्म में भी परीक्षा कराए जाने की जानकारी सामने आने के बाद शिक्षा विभाग ने मामले को गंभीरता से लिया है। जांच में शिकायत सही पाए जाने के बाद विद्यालय के तीन शिक्षकों से स्पष्टीकरण मांगा गया है।
तीन शिक्षकों से मांगा गया जवाब
मामले में विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक अशोक कुमार, विद्यालय अध्यापक सोनू कुमार और मनमोहन कुमार से स्पष्टीकरण मांगा गया है। तीनों शिक्षकों को अपना जवाब दो दिनों के भीतर देना होगा। शिक्षा विभाग की ओर से कहा गया है कि स्पष्टीकरण मिलने के बाद मामले में नियमानुसार आगे की अनुशासनिक कार्रवाई की जाएगी।
जांच में सही पाया गया मामला
दरअसल, बुधवार को विद्यार्थियों के इस तरह परीक्षा देने का मामला सामने आया था। जानकारी मिलने के बाद बी. कोठी के प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (बीईओ) ने गुरुवार को विद्यालय का स्थलीय निरीक्षण किया। जांच के दौरान विद्यार्थियों को परीक्षा के लिए उचित व्यवस्था नहीं मिलने से जुड़ी शिकायत सही पाई गई।
जांच में यह भी सामने आया कि 10वीं कक्षा के विद्यार्थियों को पेड़ के नीचे बोरे पर बैठाकर परीक्षा कराई गई थी। इसके अलावा मुर्गी फार्म में भी परीक्षा लेने की बात सामने आई। मामले की पुष्टि होने के बाद शिक्षा विभाग ने संबंधित शिक्षकों से जवाब मांगने का निर्णय लिया।



