प्रधान शिक्षक बने शिक्षकों की बकाया राशि एवं नियोजित शिक्षकों के बकाया वेतन राशि के भुगतान की मांग

Saharsa: विशिष्ट से प्रधान शिक्षक में पदोन्नति को लगभग 10 माह पूरे हो गए हैं। लेकिन अभी तक उनके बकाया राशि का भुगतान पूरे बिहार में कहीं नहीं किया गया है। वहीं जो नियोजित शिक्षक कार्य कर रहे हैं, उनके वेतन का भुगतान भी अवकाश के कारण जिला स्तर पर मार्च तक का ही हुआ है। ऐसे में शिक्षकों के सामने आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है। महँगाई के इस दौर में वेतन का न मिलना शिक्षकों के लिए मानसिक पीड़ा का कारण भी बन गया है। जिसके कारण नियोजित शिक्षकों बेहद दुखी भी हैं।
इस बाबत बिहार राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ के नियोजित शिक्षकों को ससमय वेतन एवं विशिष्ट तथा प्रधान शिक्षकों की सभी प्रकार की बकाया राशि का भुगतान जल्द से जल्द करवाने की मांग की है। शिक्षक संघ ने इस आशय की जानकारी पत्र के माध्यम से शिक्षा विभाग के मुख्य सचिव एवं शिक्षा मंत्री को दिया है। संघ के अध्यक्ष अध्यक्ष जयराम शर्मा एवं महासचिव दिनेश कुमार सिंह ने विभाग को जल्द से जल्द इस समस्या का समाधान करने की अपील की है।
इस बात की जानकारी देते हुए संघ की सचिव अंजना सिंह ने उम्मीद जताई है कि बहुत जल्द शिक्षकों के बकाया वेतन का भुगतान हो जायेगा। साथ ही उन्होंने विभाग से पुरानी पेंशन योजना लागू करने, समान काम का समान वेतन की नीति लागू करने, प्राथमिक शिक्षकों के पदोन्नति की स्पष्ट व्यवस्था करने, स्थानांतरण नीति को पारदर्शी न्याय संगत और सरल बनाने, सभी शिक्षकों को कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा एवं बीमा प्रदान करने, शिक्षकों की सेवा शर्तों में सुधार कर स्थायीकरण की प्रक्रिया पूरी करने सहित शिक्षकों की अन्य समस्याओं के समाधान हेतु राज्यस्तरीय स्थाई समिति का गठन किए जाने की मांग भी की है।



