50 हजार के इनामी कुख्यात को पुलिस ने दबोचा, कई राउंड चली गोली, एसटीएफ और शेखपुरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई

Sheikhpura: यूपी पुलिस की तरह बिहार पुलिस ने भी अपनी कार्यशैली में बदलाव कर लिया है। अब बिहार में कुख्यात अपराधियों को उसी की भाषा में जवाब दिया जा रहा है। जिले के चेवाड़ा थाना क्षेत्र से बड़ी खबर सामने आ रही है। जहां शेखपुरा एसपी के नेतृत्व में एसटीएफ और चेवाड़ा थाना की पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई कर घायल एक कुख्यात इनामी अपराधी पुलिस ने धर-दबोचा है। जिसे इलाज हेतु सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गिरफ्तार अपराधी बेगूसराय का कुख्यात गोलू सिंह है, जिसपर हत्या, लूट, बलात्कार समेत 19 मामले दर्ज हैं।
इस संबन्ध में जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक बलिराम कुमार चौधरी ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि चेवाड़ा के एकाढ़ा गांव निवासी बिनोद सिंह के बगीचे में इनामी अपराधी गोलू सिंह छिप कर बैठा हुआ था। जिसके बाद कल रात से ही शेखपुरा पुलिस और एसटीएफ की टीम ने उक्त अपराधी को पकड़ने के लिए घेराबंदी शुरू कर दिया। पुलिस को देखते ही उसने गोलीबारी शुरू कर दिया। जवाबी कार्रवाई में अपराधी के दायें पैर में एक गोली लगी। जिसके बाद उसे शेखपुरा सदर अस्पताल लाया गया, जहां गोली निकाली जा रही है।
उन्होंने बताया कि गोलू सिंह के पास से एक ऑटोमैटीक पिस्टल और 6 जिंदा कारतूस बरामद किया गया। जबकि मौके से मिला खोखा भी पुलिस ने जब्त कर लिया है। गोलू सिंह पर बेगूसराय पुलिस द्वारा 50 हजार का इनाम घोषित किया गया था। अन्य जिलों में इसका अपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है। वहीं पुलिस सूत्रों से प्राप्त सुचना के अनुसार इस कार्रवाई में में एक दर्जन से अधिक राउंड गोली चली। वहीं अपराधी गोलू सिंह के बहनोई बिनोद सिंह भी भागने में कामयाब हो गया। हालांकि पुलिस अब भी इलाके की घेराबंदी कर जांच कर रही है।