
पटना। त्योहारों का मौसम शुरू होने से पहले पटना में स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को बेहतर करने की तैयारी तेज हो गई है। पटना नगर निगम शहर के सभी 75 वार्डों में कुल 7,500 नई स्ट्रीट लाइटें लगाई जा रही है। नगर आयुक्त यशपाल मीणा ने हर वार्ड में 100-100 अतिरिक्त लाइट लगाने का निर्देश दिया है। नई लाइटों का काम त्योहारों से पहले पूरा करने का निर्देश दिया गया है।
हर वार्ड में लगेंगी 100 नई लाइटें
नगर निगम के इस फैसले के तहत पटना के 75 वार्डों में समान रूप से नई लाइटें लगाने की योजना है। इसके लिए उन जगहों को प्राथमिकता दी जा रही है, जहां मौजूदा समय में पर्याप्त रोशनी नहीं है। स्थानों का चयन वार्ड पार्षदों के सुझाव और नगर निगम के आंतरिक सर्वे के आधार पर किया गया है। नई स्ट्रीट लाइटें केवल मुख्य सड़कों तक सीमित नहीं रहेंगी। शहर की अंदरूनी गलियों और सार्वजनिक स्थानों पर भी जरूरत के हिसाब से इन्हें लगाया जाएगा। इससे त्योहारों के दौरान लोगों के आने-जाने में सुविधा मिलेगी।
खराब स्ट्रीट लाइटों की भी होगी मरम्मत
नगर निगम सिर्फ नई लाइट लगाने पर ही काम नहीं कर रहा है। शहर में पहले से लगी खराब स्ट्रीट लाइटों को ठीक करने का अभियान भी चल रहा है। इसके लिए तीन सदस्यीय 26 टीमें तैनात की गई हैं। ये टीमें खराब स्विच, वायरिंग और अन्य तकनीकी दिक्कतों को ठीक कर रही हैं। जिन लाइटों की मरम्मत संभव नहीं है, उन्हें बदलने का काम भी किया जा रहा है। इससे पहले नगर निगम ने बताया था कि शहर में करीब 83 हजार स्ट्रीट लाइटें हैं और त्योहारों से पहले लगभग 2 हजार खराब लाइटों को ठीक करने की प्रक्रिया चल रही है। अधिकारियों के अनुसार मरम्मत का लक्ष्य 10 अक्टूबर तक रखा गया था।
शिकायत के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी
अगर किसी इलाके में स्ट्रीट लाइट खराब है या अंधेरे की समस्या है, तो लोग नगर निगम में शिकायत दर्ज करा सकते हैं। इसके लिए टोल फ्री नंबर 155304 और WhatsApp चैटबॉट 9264447449 की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
सोलर लाइट पर भी सरकार का जोर
पटना की स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को लेकर सरकार पहले ही सोलर आधारित व्यवस्था पर भी जोर दे चुकी है। अगस्त 2026 में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने नए स्ट्रीट लाइटों को सोलर आधारित बनाने और इससे बिजली खर्च में संभावित बचत का अध्ययन कराने का निर्देश दिया था।


