बिहारशिक्षा

गया के स्कूल में स्मार्ट क्लास के अंदर छात्रों के डांस पर कार्रवाई, हेडमास्टर समेत कर्मियों पर गिरी गाज

शिक्षकों की लापरवाही और स्कूल में अनुशासनहीनता से जुड़ा मामला प्रधानाध्यापक और अन्य कर्मियों पर अनुशासनिक कार्रवाई की अनुशंसा

पटना। गया जिले के वजीरगंज प्रखंड के उत्क्रमित उच्च विद्यालय, जमुआंवा में स्मार्ट क्लास के अंदर विद्यार्थियों के डांस करने का मामला शिक्षा विभाग ने गंभीरता से लिया है। मामले की जांच पूरी होने के बाद विद्यालय के प्रधानाध्यापक और कुछ अन्य कर्मियों के खिलाफ अनुशासनिक कार्रवाई की अनुशंसा की गई है। जांच रिपोर्ट में स्कूल की व्यवस्था और शिक्षकों की कार्यशैली को लेकर भी कई सवाल उठाए गए हैं।

मध्यान्तर में स्मार्ट क्लास में हुआ था डांस

जांच रिपोर्ट के मुताबिक, 21 सितंबर को मध्यान्तर के समय विद्यालय के स्मार्ट क्लास में कुछ विद्यार्थी गाने पर डांस कर रहे थे। इस घटना की जांच के लिए प्रारंभिक शिक्षा एवं सर्व शिक्षा अभियान के जिला कार्यक्रम पदाधिकारी को जिम्मेदारी दी गई थी। साथ ही वजीरगंज के प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी को मौके पर जाकर स्थिति की जांच करने और रिपोर्ट देने का निर्देश दिया गया था। जांच के दौरान विद्यार्थियों के स्मार्ट क्लास में नृत्य करने की बात सामने आई। इसके बाद शिक्षा विभाग ने विद्यालय की व्यवस्था और वहां तैनात शिक्षकों की भूमिका की भी पड़ताल की।

शिक्षकों की कार्यशैली पर भी उठे सवाल

जांच रिपोर्ट में केवल स्मार्ट क्लास की घटना ही नहीं, बल्कि विद्यालय में शिक्षकों के बीच आपसी विवाद और कामकाज को लेकर भी कई गंभीर बातें सामने आने की जानकारी मिली है। रिपोर्ट के अनुसार, कुछ शिक्षक-शिक्षिकाओं के बीच आपसी राजनीति की स्थिति बनी हुई थी।

निरीक्षण के दौरान प्रधानाध्यापक के साथ अभद्र व्यवहार किए जाने की बात भी जांच में सामने आई है। इसके अलावा कुछ शिक्षकों पर शैक्षणिक कार्यों में अपेक्षित रुचि नहीं लेने और अपने निर्धारित दायित्वों को ठीक से पूरा नहीं करने का आरोप लगा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button