MLC की सदस्यता बहाल होने पर राजद कार्यालय में सुनील सिंह का हुआ जोरदार स्वागत, कहा- सत्यमेव जयते

Patna: महीनों इंतजार के बाद आखिरकार RJD के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष व MLC डॉ सुनील सिंह की जीत हुई। सुप्रीम कोर्ट ने फिर से MLC की सदस्यता को बहाल कर दिया। जिसके बाद पार्टी में खुशी की लहर दौड़ गई। इसको लेकर आज प्रदेश राजद कार्यालय में सुनील सिंह का ढोल-नगाड़ों के साथ जोरदार स्वागत किया गया। सुनील सिंह के कार्यालय पहुंचते ही राष्ट्रीय उपाध्यक्ष उदय नारायण चौधरी, प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक कुमार सिंह, प्रदेश प्रधान महासचिव रणविजय साहू, प्रदेश राजद के मुख्य प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव, विधायक कामरान, विनय कुमार यादव, प्रदेश प्रवक्ता एजाज अहमद सहित अन्य नेताओं उन्हें फूल-मालाओं से लाद दिया। वहीं कार्यकर्त्ताओं ने फूलों की बारिश भी की।
इस मौके पर प्रेस कॉन्फ्रेंस कर उन्होंने कहा कि 7 महीने पहले बिहार में लोकतंत्र की हत्या हुई थी। मेरा कुसूर यहीं था कि मैं बेरोजगारो, किसानों, मजदूरों और आम लोगो की बातें सदन में उठाता था। हमेशा लालू प्रसाद के विचारों के साथ खड़ा रहा। लालू प्रसाद और तेजस्वी यादव ने हमेशा हमारी हौसला अफजाई की। मेरी सदस्यता बहाल करके सर्वोच्च न्यायलय ने लोकतंत्र और संविधान को बचाने का कार्य किया है। देश को यह संदेश दिया है कि सच और सच्चाई की ही जीत होती है। सत्यमेव जयते…..

उन्होंने कहा कि इस न्याय की लड़ाई में पार्टी ने हर कदम पर मेरा साथ दिया। इसके लिए मै सभी के प्रति आभार प्रकट करता हूं। ऐसे प्यार, सम्मान और स्वागत से मैंअभिभूत हो गया। साथ ही उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि कभी भी आप संघर्ष और लड़ाई में अकेले नहीं हो पुरा राष्ट्रीय जनता दल परिवार आपके साथ है।
बता दें कि उच्च सदन में CM नीतीश पर अमर्यादित टिप्पणी को लेकर उनकी सदस्यता रद्द की गई थी। जिसके बाद उन्होंने इस फैसले के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में अपील की। जहां कई महीनों के इंतजार के बाद आखिरकार कोर्ट ने अपना फैसला सुनाते हुए कहा कि ये इतना बड़ा गुनाह नहीं है कि इसके लिए सुनील सिंह की सदस्यता ही रदद् कर दी जाए। इतने महीने सदन से बाहर रहे इसे ही सजा मान लिया जाय।