सिविल सर्जन ने किया बरबीघा रेफरल अस्पताल का औचक निरीक्षण
बिहार सरकार के स्वास्थ्य सचिव के संभावित दौरे के मद्देनजर आज शेखपुरा जिले के बरबीघा रेफरल अस्पताल का सिविल सर्जन डॉ बीर कुंवर सिंह के द्वारा औचक निरीक्षण किया गया। अचानक हुए इस औचक निरीक्षण के कारण अस्पताल के कर्मियों में अफरा-तफरी मच गई। सिविल सर्जन ने इस दौरान पूरे अस्पताल का निरीक्षण किया और डॉक्टरों व स्वास्थ्यकर्मियों के रोस्टर पंजी का भी जांच किया। जांच के उपरांत सभी डॉक्टर व कर्मी अपनी ड्यूटी पर मुस्तैद पाए गए।
अस्पताल में कर्मियों व डॉक्टरों की लापरवाही से सवाल पर सिविल सर्जन ने पत्रकारों को बताया कि सभी स्वास्थ्य कर्मी आज ड्यूटी पर हैं। हाँ, कुछ कमियां जरूर है पर सभी चीजों का आंकलन किया जा रहा है। जल्द ही अस्पताल में व्याप्त सभी कमियों को दूर कर लिया जाएगा।
एक महिला चिकित्सक के लगातार ड्यूटी से गायब रहने के सवाल पर उन्होंने कहा कि निश्चिंत रहें पूरे जिले में वैसे सभी चिकित्सकों और कर्मियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
इस मौके पर रेफरल अस्पताल के प्रभारी डॉ राजेन्द्र प्रसाद सिन्हा, प्रशासनिक पदाधिकारी डॉ फैसल अरसद, मैनेजर राजन कुमार, पिरामल के अमन कुमार सहित सभी अस्पताल कर्मी मौजूद थे।