देश भर के किसानों को उनके फसल का उचित मूल्य दिलवाने एवं अन्य सहायता के लिए केंद्र व राज्य सरकार अनेक तरह की योजनाएं चला रही है। पूरे देश में इन्हीं मुद्दों को लेकर राजनीति चरम पर है, देश भर के किसान आंदोलन पर हैं। वहीं इन्हीं किसानों को सरकारी तंत्र के द्वारा ही परेशान किया जा रहा है। ताजा मामला शेखपुरा जिले के बरबीघा नगर क्षेत्र का है। दरअसल यहां के किसान अपनी फसल को बेचने के लिये पैक्स का चक्कर लगा रहे हैं। बरबीघा के किसानों को यहां से 10 किलोमीटर दूर पिंजड़ी पैक्स से जोड़ दिया गया है। वहाँ किसानों के धान कि खरीद में पैक्स के द्वारा आना-कानी किया जा रहा है।
इस बारे में पत्रकारों से बात करते हुए नगर क्षेत्र के शेरपर निवासी किसान धर्मराज कुमार, रुस्तम कुमार, धर्मराज कुमार, पशुपति सिंह, कार्यानंद सिंह आदि ने बताया कि पैक्स वाले निर्धारित मूल्य 1868 रुपये प्रति क्विंटल की बजाय 1750 रुपये के दर पर खरीद की बात करते हैं, सूखा एवं सुंदर धान होने के बाबजूद 100 किलो की बजाय 105 किलो लेने की बात करते हैं, किसानों से धान के लिये बोरी की मांग की जाती है वहीं धान अधिप्राप्ति के बाद उसका पैसा भी अनिश्चित काल में मिलने की बात करते हैं। इस सभी समस्याओं के कारण किसानों का धान घर में ही पड़ा है। वहीं सभी किसानों ने इसके लिये प्रखण्ड सहकारिता पदाधिकारी को आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है।