उखदी गोलीबारी कांड के मुख्य अभियुक्तों की नहीं हुई है गिरफ्तारी, दहशत में जी रहा है पीड़ित परिवार
शेखपुरा जिले के बरबीघा प्रखंड में इन दिनों अपराधिक गतिविधि चरम पर है। अभी कुछ दिन पूर्व हुए उखदी गांव में गोलीबारी कांड हुआ था। इस कांड के मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से पीड़ित परिवार दहशत में है। इस सिलसिले में बात करते हुए पीड़ित संजय यादव ने बताया कि गांव के ही संजीत यादव, कारू यादव तथा चुन्नू यादव एवं अन्य के द्वारा पुरानी रंजिश को लेकर कुछ दिन पूर्व घर पर चढ़कर जबरदस्त गोलीबारी किया था, जिसमें रंजीत यादव नामक एक व्यक्ति को दाहिने जांघ में दो गोली लग गया था। फिलहाल घायल का इलाज पटना के एक निजी अस्पताल में चल रहा है। इस मामले में पुलिस ने खाना-पूर्ति करते हुए एक बुजुर्ग सुखदेव यादव को गिरफ्तार कर लिया। जबकि अन्य आरोपियों को गिरफ्तार करने में पुलिस अभी तक असफल है। साथ ही उन्होंने कहा कि पुलिस की इस शिथिलता के कारण आरोपी प्रतिदिन घर में आकर केस उठाने की धमकी दे रहे हैं। ऐसा नहीं करने पर परिवार के अन्य सदस्यों को भी गोली मारने की बात कह रहे हैं। वहीं मामले को लेकर जयरामपुर थाना प्रभारी विकास कुमार सिंह ने बताया कि सभी आरोपी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। गौरतलब हो कि आरोपी के द्वारा छः माह पूर्व भी पीड़ित पक्ष के ऊपर गोलीबारी किया गया था, हालांकि पुलिस ने उस समय गोलीबारी की घटना से इनकार किया था।