बच्चे को जन्म देने के 2 दिन बाद डॉक्टर की लापरवाही से महिला की हुई मौत
शेखपुरा के चेवाड़ा PHC में बच्चे को जन्म देने के 2 दिन बाद एक महिला की मौत सदर अस्पताल में हो गई। दरअसल चेवाड़ा प्रखंड के करंडे थाना क्षेत्र अंतर्गत छठीयारा गांव निवासी खुशबू देवी ने दो दिन पहले चेवाड़ा PHC में एक बच्चे को जन्म दिया था। जहाँ उसकी स्थिति बिगड़ने के बाद उसे सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां इलाज के दौरान आज सुबह उसकी मौत हो गई। वहीं नवजात की स्थिति अभी ठीक है। मृतका के इस तरह चले जाने से परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल हो गया है। मृतका के भाई ने सदर अस्पताल के डॉक्टर पर आरोप लगाते हुए कहा है कि डॉक्टर की लापरवाही के कारण मृतका की मौत हुई है। वहीं अस्पताल के एक डॉक्टर ने भी दबी जुबान में डॉक्टर के देर से ड्यूटी आने की पुष्टि की है। गौरतलब हो कि 2 दिन पहले ही सिविल सर्जन ने अस्पताल का औचक निरीक्षण किया था और सभी को समय से आकर अपने कर्तव्यों के निर्वहन का निर्देश भी दिया था।