
भाजपा के स्थापना दिवस पर शेखपुरा जिला में भी कई तरह के कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ संजय जायसवाल के निर्देशुनासार हर मंडल पर 4 से 6 अप्रैल तक स्थापना दिवस मनाने का निर्णय लिया गया है। इसके तहत प्रदेश नेत्री डॉ पूनम शर्मा की अगुवाई में बरबीघा प्रखंड के रमजानपुर गांव में आज कार्यकर्ताओं के साथ एक कार्यक्रम का आयोजन कर स्थापना दिवस मनाया गया। इस अवसर पर पार्टी के जिलाध्यक्ष सुधीर कुमार, जिला महामंत्री जयप्रकाश गुप्ता, उमेश सिंह किसान मोर्चा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य वरुण सिंह आदि के द्वारा पार्टी का झंडा फहराया गया। इसके बाद डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेयी के चित्र पर माल्यार्पन कर उन्हें नमन किया गया।
इस अवसर पर डॉ पूनम शर्मा ने कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर कार्य करने का संदेश देते हुए कहा कि प्रदेश तथा देश में भाजपा द्वारा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का संचालन किया जा रहा है। जिसे जन-जन तक पहुंचाने तथा इसका लाभ उचित व्यक्तियों को दिलाने का कार्य कार्यकर्ताओं द्वारा किया जाना है। इसके लिए सतत रूप से कार्य करने की आवश्यकता है। उन्होंने आगे कहा कि भाजपा के शासनकाल में पूरे देश में विभिन्न उपलब्धियां हासिल हुई हैं। भाजपा के पितृ पुरूष पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने जो अंतिम छोर के व्यक्ति को भी लाभ मिलने का स्वप्न देखा था, उसे पूरा करने का समय है।
साथ ही उन्होंने बताया कि कोरोना के बढ़ते प्रभाव के मद्देनजर सभी कार्यक्रमों में सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का निरन्तर पालन किया जा रहा है। बताते चलें कि 6 अप्रैल को उनके आवासीय कार्यालय पर स्थापना दिवस के अवसर पर सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए पूरे विधि- विधान के साथ रामचरित मानस ग्रन्थ के सुंदरकांड का पाठ भी जाएगा।