मुख्यमंत्री ने अपने विकास कार्यों का उल्लेख कर अपने प्रत्याशी के लिये मांगा जनता का आशीर्वाद, जीत की माला भी पहनाई
शेखपुरा जिले में चुनावी सरगर्मी तेज है। यहां मतदान पहले चरण में 28 अक्टूबर को मतदान होना है। चुनाव प्रचार का सिलसिला अपने चरम पर है। इसी सिलसिले में जिले के शेखोपुरसराय प्रखण्ड के नीमी कॉलेज में आज पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बरबीघा बिधानसभा क्षेत्र के अपने प्रत्याशी सुदर्शन कुमार के पक्ष में वोट मांगा। उनके साथ उनकी पार्टी के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष अशोक चौधरी भी थे।

कार्यक्रम में निर्धारित समय से थोड़ा लेट आने के बाद नीतीश कुमार ने अपने सम्बोधन में कोरोना संक्रमण के इस दौर में बिहार सरकार की उपलब्धियों से अपनी बात शुरू कर 15 साल के अपने विकास कार्यों का उल्लेख किया। सात निश्चय, महिला आरक्षण, जीविका समूह, छात्रों के लिये साइकिल, छात्रवृत्ति, पोशाक, बिजली, पानी आदि योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि बिहार में विकास हुआ है।

15 साल के राजद के शासनकाल पर तंज कसते हुए कहा कि जब खुद जेल गए तो पत्नी को गद्दी पर बैठा दिए अब बेटा को भी गद्दी चाहिये। साथ ही उन्होंने अपने प्रत्याशी सुदर्शन कुमार को क्षेत्र का विकास करने वाला जनपतिनिधि बताते हुए जनता को उनके पक्ष में मतदान करने की अपील की।

कार्यक्रम के अंत मे उन्होंने सुदर्शन को जीत की माला भी पहनाई। इस मौके पर जद यू जिलाध्यक्ष अंजनी कुमार, पूर्व जद यू जिलाध्यक्ष डॉ अर्जुन प्रसाद, भाजपा जिलाध्यक्ष सुधीर कुमार, भाजपा प्रदेश नेत्री डॉ पूनम शर्मा, अतिपिछड़ा जिलाध्यक्ष प्रमोद चंद्रवंशी, अल्पसंख्यक जिलाध्यक्ष शमशाद आलम सहित NDA के कई गणमान्य कार्यकर्त्ता मौजूद थे।