शेखपुरा जिले के बरबीघा नगर परिषद क्षेत्र के बहुत सारे मुहल्लों में आज तक नाली के पानी का उचित निकास नहीं है। जिसके कारण यहां के किसानों को लाखों का नुकसान हो रहा है। दरअसल नगर क्षेत्र के वार्ड नम्बर 4 और 5 का इलाका चंदूकुआं, महादेवगंज और सामाचक की स्थिति बेहद खराब है। यहां के सैकड़ों घरों से निकलने वाले नाली के पानी के निकास का आज तक कोई उचित प्रबंध नहीं हुआ है। सारे मुहल्ले के नाली का पानी एक छोटे से पोखरे में गिरता है, जो थोड़ी बारिस में ही भर जाता है। पोखरे में पानी भरने के बाद वो आस-पास के खेतों की ओर रुख करता है। खेतों में पानी भर जाने के बाद किसानों को खेती करने के लिए उस पानी के सूखने का इंतजार महीनों करना पड़ता है।
गौरतलब है कि इस इलाके में सब्जी की अच्छी पैदावार होती है। खेतों में पानी भर जाने के कारण किसानों द्वारा खेतों में लगाये गए फसल की बर्बादी तो होती ही है, साथ ही पानी के कारण अगले फसल के लिये इंतजार भी करना पड़ता है। कई वर्षों से स्थानीय जनप्रतिनिधि की अनदेखी, नगर प्रशासन की बेरुखी के शिकार किसान हाथ पर हाथ धरे बैठे हैं। इस पोखरे के चारों ओर रिहायशी इलाका है। गन्दे पानी के जमाव के बाद इन इलाकों में मच्छरों के प्रकोप भी बढ़ जाता है। जिसके कारण कई बीमारियां भी जन्म लेती हैं।