
लॉकडाउन में बेसहारा एवं गरीब लोगों के मुफ्त भोजन के लिए राज्य भर में चल रहे सामुदायिक रसोई का आज मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से निरीक्षण किया। इसके तहत मुख्यमंत्री ने शेखपुरा जिले के डाइट गर्ल्स हॉस्टल एवं बरबीघा के उच्चत्तर माध्यमिक विद्यालय में चल रहे सामुदायिक रसोई का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के उपरांत मुख्यमंत्री ने संतोष व्यक्त करते हुए आवश्यकतानुसार इसकी संख्या बढ़ाने का निर्देश भी दिया।
डाइट गर्ल्स हॉस्टल शेखपुरा में उप विकास आयुक्त सत्येंद्र कुमार सिंह तथा उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बरबीघा में अपर समाहर्ता सत्य प्रकाश शर्मा ने मुख्यमंत्री को इसकी विस्तृत जानकारी दी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने रसोई के अंदर एवं बाहर साफ-सफाई को भी बड़े ध्यान से देखा तथा इसको लेकर पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिया। इस दौरान उन्होंने वहां खाना खा रहे लोगों से भी वीडियो कॉल के माध्यम से बात कर खाने की गुणवत्ता एवं सुविधाओं की जानकारी हासिल की। लाभुकों ने भी मुख्यमंत्री से बात कर खुद को गौरवांवित महसूस किया। इस मौके पर डाइट गर्ल्स हॉस्टल में सिविल सर्जन डॉ कृष्ण मुरारी प्रसाद सिंह, अनुमंडल पदाधिकारी निशांत कुमार, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी दिनेश दयाल लाल, प्रखंड विकास पदाधिकारी मंजुल मनोहर मधु, अंचलाधिकारी सहित अन्य मौजूद थे। वहीं उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बरबीघा में, जनसम्पर्क पदाधिकारी सत्येंद्र प्रसाद, आपदा के नोडल पदाधिकारी राजीव कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी भरत कुमार सिंह, अंचलाधिकारी अशोक कुमार, रेफरल अस्पताल के एमओआईसी डॉ राजेंद्र प्रसाद के साथ-साथ कई अन्य अधिकारी मौजूद थे।
बताते चलें कि लॉक डाउन के शुरुआती दौर से ही जिले के दोनों स्थलों पर स्थानीय अंचलाधिकारी की देख-रेख में सामुदायिक रसोई चल रहा है। जिसमें गरीबों को दोनों शाम मुफ्त में खाना खिलाया जा रहा है।