
शेखपुरा जिले के बरबीघा प्रखंड के जगदीशपुर पंचायत का उखदी गांव बरसों से उपेक्षा का शिकार है। इसकी एक वानगी ये है कि गांव के मुख्य सड़क पर बना पुल एक साल से ज्यादा समय से टूटा पड़ा है। जिसके कारण बड़ी दुर्घटना की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता है। आज तक किसी भी जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी की नजर इस टूटे पुल पर नहीं गई है। वह भी तब जब जनप्रतिनिधि हों या सरकारी अफसर सभी इस रास्ते से आते-जाते हैं। बिगत विधानसभा चुनाव के वक़्त गांववालों ने सभी प्रत्याशियों का ध्यान इस ओर आकृष्ट किया था।
ग्रामीणों के अनुसार स्थानीय बिधायक ने चुनाव के बाद इसे बनाने की बात भी कही थी। पर चुनाव के इतने दिन बीत जाने के बाद भी आज तक इस टूटे पुल को बनाने के लिये कोई प्रयास नहीं किया गया है, न ही वो आज तक लौट के इस गांव में आये हैं। स्थानीय निवासियों के द्वारा टूटे पुल पर ट्रैक्टर का फार रखकर लोगों को बड़ी दुर्घटनाओं से बचाने का प्रयास किया गया है। गांव वालों ने बताया कि कुछ महीने पहले एक अनजान स्कार्पियो इस टूटे पुल में फंस गया। जिसको बड़ी मशक्कत के बाद निकाला गया। गांव के लोगों ने खुद को उपेक्षित महसूस करते हुए प्रशासन से इस टूटे पुल को बनाने की मांग की है।