
लॉकडाउन में शेखपुरा जिला प्रशासन के द्वारा गरीब तबके के लोगों के लिए निःशुल्क भोजन की व्यवस्था के लिये कम्युनिटी किचेन की शुरुआत की गई है। जहां हर दिन गरीबों को दो वक्त का भोजन फ्री में दिया जा रहा है। राज्य सरकार के निर्देश पर चलाये जा रहे इस कम्युनिटी किचेन में अधिक से अधिक लोगों को इसका लाभ दिलाने के लिये प्रचार-प्रसार भी किया जा रहा है। सभी अंचलाधिकारियों को इसके देख-रेख का जिम्मा दिया गया है, वहीं इसकी उच्च स्तरीय मोनिटरिंग भी की जा रही है।
इसी के तहत आज अपर डीडीसी सत्येंद्र कुमार, अनुमण्डल पदाधिकारी राजीव कुमार व सिविल सर्जन डॉ कृष्ण मुरारी प्रसाद सिंह के द्वारा बरबीघा के उच्च विद्यालय में चल रहे कम्युनिटी किचेन का निरीक्षण किया गया। इस मौके पर प्रखण्ड विकास पदाधिकारी भरत कुमार सिंह, अंचलाधिकारी अशोक कुमार, बरबीघा थानाध्यक्ष जयशंकर मिश्र, नगर परिषद कर्मी बिनोद कुमार भी मौजूद थे। इस दौरान पदाधिकारियों के द्वारा कम्युनिटी किचेन के संचालन हेतु उचित दिशा-निर्देश भी दिया गया। बताते चलें कि कल राज्य के मुख्यमंत्री सभी जिलों में चल रहे कम्युनिटी किचेन की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से खुद निरीक्षण करने वाले हैं। इसको लेकर भी सारी तैयारियां दुरुस्त की जा रही है।