
Sheikhpura: शनिवार की देर शाम शेखपुरा जिले के अरियरी प्रखण्ड अंतर्गत कैमरा गांव में जमीनी विवाद में गोलीबारी हो गई। जिसमें एक व्यक्ति की अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत हो गई। जबकि एक अन्य भी गंभीर रूप से जख्मी हो गया। जिसे प्राथमिक उपचार के बाद पावापुरी रेफर कर दिया गया। मृतक की पहचान शत्रुध्न राम एवं जख्मी की पहचान अरुण राम के रूप में हुई है।।
इस बाबत मिली जानकारी में बताया गया कि मृतक का गांव के ही अशोक राम एवं संजय राम से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। पूर्व में भी इसको लेकर मारपीट की घटना को अंजाम दिया गया था। वहीं शनिवार की शाम आरोपियों ने गोलीबारी की घटना को अंजाम दे दिया। घटना के बाद से गांव में तनाव की स्थिति बन गई है। हालांकि सूचना मिलते ही पुलिस ने पहुंचकर स्थिति को अपने कब्जे में ले लिया। साथ ही आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु छापेमारी की जा रही है।