जानकारीशेखपुरास्वास्थ्य

वरिष्ठ चिकित्सक डॉ अशोक कुमार सिंह बनाये गए जिले के प्रभारी सिविल सर्जन, जिलाधिकारी ने दी नई जिम्मेदारी

Sheikhpura: वरिष्ठ चिकित्सक व प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र शेखपुरा के प्रभारी डॉ अशोक कुमार सिंह को जिले के सिविल सर्जन का प्रभार मिला है। जिलाधिकारी सावन कुमार के आदेश पर उन्हें आज ही यह प्रभार दिया गया है। नए सिविल सर्जन के पदभार ग्रहण नहीं करने के कारण डॉ सिंह को फिलहाल सिविल सर्जन की जिम्मेदारी दी गई है। इसको लेकर जिलाधिकारी के द्वारा पत्र भी जारी किया गया है।

इस बाबत मिली जानकारी के मुताबिक पिछले दिनों यहां के निवर्तमान सिविल सर्जन डॉ पृथ्वीराज का तबादला कर मुख्यालय बुला लिया गया था। वहीं डॉ विजय प्रकाश को सिविल सर्जन की जिम्मेदारी दी गई थी। परंतु नए सिविल सर्जन ने स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए लिखित रूप से यह जिम्मेदारी लेने से इंकार कर दिया। जिसके बाद जिलाधिकारी के द्वारा पत्र जारी कर डॉ सिंह को यह जिम्मेदारी दी गई। जिसमें यह कहा गया कि जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था को सुदृढ करने हेतु डॉ विजय प्रकाश के योगदान देने तक डॉ अशोक कुमार सिंह को सिविल सर्जन की जिम्मेदारी दी जाती है।

इस मौके पर खुशी जाहिर करते हुए डॉ सिंह ने कहा है कि वे हमेशा से ही ईमानदारी से अपने कर्तव्यों का पालन करते रहे हैं। जिले में स्वास्थ्य व्यवस्था को सुधारने के लिए तमाम जरूरी कदम उठाए जाएंगे। जिले के सभी लोगों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचे, यही उनका एकमात्र लक्ष्य होगा। वहीं डॉ सिंह को नई जिम्मेदारी मिलने के बाद जिलेभर के स्वास्थ्य कर्मी अपनी खुशी का इजहार कर रहे हैं। उनके पिछले रिकॉर्ड को देखते हुए यह उम्मीद जताई जा रही है कि जिले की बिगड़ी स्वास्थ्य व्यवस्था अब जल्द ही पटरी पर आ जायेगी।

Back to top button
error: Content is protected !!