
शेखपुरा जिले में लॉकडाउन का कड़ाई से पालन करवाने के लिये प्रशासन के द्वारा सख्ती बरतने का सिलसिला अब शुरू हो गया है। जिला प्रशासन के लाख समझाने और जागरूक करने के बाद भी कुछ लोग प्रशासन के आदेश की सरेआम खिल्ली उड़ा रहे हैं। जिसको लेकर आज शेखपुरा शहर में अपर एसडीओ राजीव कुमार, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी दिनेश दयाल लाल एवं सदर थानाध्यक्ष बिनोद राम के नेतृत्व में पुलिस बल के जवानों ने सड़कों पर अभियान चलाया।
इस दौरान अधिकारियों ने घूम-घूम कर लोगों से लॉकडाउन के नियमों का पालन करने की अपील के साथ ही लोगों को सख्त हिदायत भी दिया। इस बीच एसडीओ राजीव कुमार ने खुद कई ऐसे लोगो पर डंडे भी बरसाए जो लॉकडाउन के नियमों का उलंघन करते देखे गए। अधिकारियों ने शहर के बिचली गली, दल्लू चौक, कटरा चौक और बुधौली बाजार का भी जायजा लिया। इस बीच पारस ज्वेलर्स नामक दुकान को नियमों का उल्लंघन करते पाए जाने पर अपर एसडीओ ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सील कर दिया। दुकानदार को लॉकडाउन तक दुकान न खोलने की हिदायत दी।
वहीं बेबजह सड़क पर घुमने वाले युवकों को सड़क पर लिटा कर गोल-गोल घुमाया गया एवं उठक-बैठक भी कराया गया। अपर एसडीओ ने मीडिया कर्मियों से बात करते हुए कहा कि लॉकडाउन लोगों के हित के लिए लगाया गया है। पब्लिक खुद जागरूक होकर अगर नियमों का पालन नही करते हैं। ऐसे में प्रशासन कार्रवाई करने पर मजबूर हो जाता है।