
Sheikhpura: अरियरी प्रखंड के ऐफनी गांव में सड़क दुर्घटना में एक गर्भवती महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान जमूई जिला के सिकंदरा थानांतर्गत नावाडीह गांव निवासी छोटू मांझी की पत्नी रीना देवी के रूप में हुई है। ऐफनी गांव में मृतका का मायके है। वो कुछ दिन पहले की मायके आई थी।
इस संबन्ध में मिली जानकारी में बताया गया कि मृतका अपने माँ के काम में हाथ बंटाने सरसो के खेत की ओर जा रही थी। इसी क्रम में एक स्कार्पियो ने उसे ठोक दिया। इस घटना में मौके पर ही उसकी मौत हो गई। स्कार्पियो गांव का ही एक युवक चला रहा था।
हालांकि मृतका के मायके वाले इस घटना को हत्या करार दे रहे हैं। उनका आरोप है कि ड्राइवर ने जान बूझकर गाड़ी से धक्का मारकर उसकी जान ले ली है। मृतका की माँ के अनुसार स्कार्पियो चला रहे युवक ने 4 साल पूर्व भी उसकी बेटी के साथ छेड़खानी की थी। जिसके बाद गांव के लोगों ने समझौता करवा दिया था। बाद में घरवालों ने अपनी लड़की की शादी करवा दी। जिसके बाद वो अपने ससुराल में ही रह रही थी।
अभी कुछ दिन पहले ही वो मायके पहुंची थी। आज वो अपने पति के साथ खेत की ओर जा रही थी। तभी आरोपी युवक ने पहले उसके पति को धक्का मारकर मारने का प्रयास किया, जिसमें वो बच गया। जिसके बाद उसने थोड़ी दूर खड़ी मृतका को ही धक्का मार दिया। इस मामले में कितनी सच्चाई है ये तो पुलिस की जांच के बाद ही पता लग पायेगा।