मगहीशेखपुरा

मगही कवि सम्मेलन में सामाजिक कुरीतियों पर प्रहार, “बेटवा करो हो लियो लियाे” एवं “काटते काटते बर्तुहरिया हमहि कट गेलिय हो” पर खूब बजी तालियां

Sheikhpura: सामाजिक और सांस्कृतिक संस्था संस्कार भारती के द्वारा शेखपुरा सदर प्रखंड के सुदूरवर्ती वरमा गांव में मंगलवार की रात मगही कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। जिसमें गया, नवादा, नालंदा, शेखपुरा सहित कई जिलों के प्रख्यात कवियों ने अपनी-अपनी कविता के माध्यम से तीखे व्यंग किए। साथ ही सामाजिक कुरीतियों पर भी चोट किया। प्रो. भरत प्रसाद सिंह, कृष्ण मुरारी सिंह किसान, उपेंद्र प्रेमी अधिवक्ता ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

नवादा के प्रख्यात कवि नरेंद्र सिंह ने “बिहरिया कहके ना हो, बिहरिया कहके ना, हमारा काहे कोई लजैइतय बिहरिया कह के ना” झूमर से श्रोताओं को झूमने पर विवश कर दिया। उन्होंने बिहार के सभ्यता और संस्कृति को भी गीत के माध्यम से उकेरा। कवि प्रवीण बटोही ने मां-बाप की बेटे-बहु के द्वारा उपेक्षा पर “बेटवा करो हो लियो लियाे” कहके चोट किया। उपेंद्र प्रसाद प्रेमी “जे घर में औरतिया मरदाना के कर लेते बस, ओकर घर हो जैइतो तहस नहस” से लोगों को खूब हंसाया। लखेरालाल कुशवाहा ने “काटते काटते बर्तुहरिया हमहि कट गेलिय हो” सुना कर समाज के बुरे स्वभाव वाले लोगों पर चोट किया।

वहीं कवि गोपाल आचार्य ने “तों ही देशवा के शान” कहके युवाओं को प्रेरित किया। गणनायक मिश्र ने “एक शाम बीवी बोली खाना चाहते अगर एक शाम आप भी पकाइए” सुना कर पति-पत्नी के नोंक-झोंक को रेखांकित किया। वरिष्ठ पत्रकार अरुण साथी ने भी “दोसर के रुपैया पर कत्ते नितराबो हो, डीजे बजाबो हो, बेटी के बाप के छाती पर रख देहो लात हो, इ कोय बात हो” से दहेज प्रथा पर प्रहार किया। जबकि पत्रकार रितेश कुमार ने सड़क सुरक्षा को लेकर लोगोंं को जागरुक किया। कवि सम्मेलन में अविनाश कुमार, भास्कर प्रसाद सिंह बचल-खुचल, भरत प्रसाद, भागीरथ वर्मा इत्यादि ने भी अपनी कविता की प्रस्तुति दी और सामाजिक मुद्दों पर चोट किया।इस मौके पर संस्कार भारती के द्वारा संगठन मंत्री वेद प्रकाश के द्वारा देश के गिरते सामाजिक और सांस्कृतिक व्यवस्था को लेकर अपने विचार रखा गया। अपने संबोधन में प्रोफेसर भरत सिंह ने संस्कृति और सभ्यता को छोड़ देने से देश के होने वाले नुकसान पर भी प्रकाश डाला। इस दौरान आयोजक के द्वारा सभी कवि को अंग वस्त्र एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर कार्यक्रम के संयोजक अभय कुमार, भाजपा नेता आनंद कुमार सहित अन्य ने कवियों को सम्मानित किया। ग्रामीण पुरुषोत्म कुमार के द्वारा सारी व्यवस्था की गई थी।

Back to top button
error: Content is protected !!