
शेखपुरा जिले के अरियरी प्रखण्ड के कसार ओपी थाना क्षेत्र के बरुनी गांव में बीते बुधवार को दो पक्षों में जमकर रोड़ेबाजी की घटना सामने आई है। ग्रामीण सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार इस घटना की शुरुआत 27 अप्रैल को ही हो गई थी। ग्रामीणों के मुताबिक 27 अप्रैल को गांव के ललन मंडल की पुत्री की शादी थी, जिसमें जमुई जिला के खडाईचक गांव से बारात पहुंची थी। इस शादी समारोह में पहुंची कुछ महिलाओं के साथ गांव के ही असामाजिक तत्वों के द्वारा छेड़खानी करने का प्रयास किया गया। जिसके बाद महिला के परिवार के सदस्यों ने उसका विरोध किया। जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच जमकर रोड़ेबाजी हुई। फिर किसी तरह से शादी समारोह को संपन्न कराया गया और बारात को विदा किया गया।
दूसरे दिन बुधवार 28 अप्रैल को शाम के करीब 5 बजे ग्रामीणों को भोज कराने हेतु खाना बनाने के लिये बुलाया गया था, जिसके बाद फिर से शरारती तत्वों के द्वारा रोड़ेबाजी की घटना को अंजाम दिया गया। जिसके बाद दोनों तरफ से जमकर विवाद हुआ। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची कसार पुलिस की टीम पर भी ग्रामीणों के द्वारा पथराव किया गया। बाद में कसार पुलिस के साथ अरियरी पुलिस और महुली पुलिस के द्वारा संयुक्त रूप से घटना स्थल पर पहुंच कर दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया गया। तब जाकर किसी तरह मामला शांत हुआ। हालांकि इस घटना में पीड़ित परिवार के ललन मंडल और राजकुमार मंडल सहित कई महिलाएं भी मामूली तौर पर घायल हो गई। ग्रामीणों ने बताया कि इस मामला की लिखित शिकायत कसार ओपी थाने में किया गया है।